बैंक में सुरंगः लूट होती तो साइड इफेक्ट घातक होते
भिवानी में सिविल लाइन थाने के पास बैंक ऑफ बड़ौदा में सुरंग के जरिए अगर लूट हो जाती तो साइड इफेक्ट ज्यादा घातक होते। क्योंकि बैंक के जिस रूम में सुरंग खोदी गई, वहां सीए परीक्षा के प्रश्न पत्र रखे हुए थे। अगर लुटेरे अपनी योजना में कामयाब हो जाते तो पेपर लीक होते ही, हजारों स्टूडेंट्स का भविष्य भी दांव पर लग जाता। नकदी तो लुटेरों के हाथ लगती ही।
बता दें कि सिविल लाइन थाने से महज सौ मीटर दूर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में दस फुट लंबी सुरंग मिली है। इससे पहले की लुटेरे किसी वारदात को अंजाम देते योजना का भंडाफोड़ हो गया। योजना का खुलासा उस समय हुआ जब बैंक मैनेजर सीए परीक्षा के प्रश्न-पत्र लेने बैंक पहुंचे। स्ट्रांग रूम तक सुरंग खुदी देख वे सकते में आ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
लुटेरों की मंशा बैंक लूटने की थी या फिर स्ट्रांग रूम में रखे सीए के प्रश्न-पत्र निशाने पर थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने सुरंग खोदने में काम लिए जाने वाले उपकरण और सीसी टीवी कैमरा व एलसीडी बरामद की है।
रविवार को ही होनी थी सीए की परीक्षा
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर होने वाली सीए की परीक्षा के प्रश्न-पत्र लेने के लिए ज्वाइंट मैनेजर आरके महता व गार्ड बैंक पहुंचे और स्ट्रांग रूम को खोला। उन्होंने देखा कि स्ट्रांग रूम की बिजली गुल है। ऐसे में टार्च से रोशनी की गई तो वहां का दृश्य देख वे भौचक्क रह गए। स्ट्रांग रूम में सुंरग खुदी थी। उन्होंने लॉकर संभाले, जो सेफ मिले। इससे राहत की सांस ली। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सुनसान भवन से खोदी सुरंग
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो पाया कि लुटेरों ने बैंक सटे एक सुनसान भवन में घुसकर स्ट्रांग रूम तक सुरंग बनाई। सुरंग करीब छह फुट गहरी और इसके बाद चार फुट खोदी गई। सुरंग करीबन डेढ़ फुट चौड़ी थी। पुलिस ने मौके से चालू हालत में सीसीटीवी कैमरों से जुड़ी छोटे आकार की एलसीडी स्क्रीन के अलावा ड्रील मशीन और गैस कटर, जैक, खुदाई के लिए रूंबा आदि बरामद किया है। एसपी राकेश आर्य, डीएसपी हेड क्वार्टर मौजीराम ने विजिलेंस, सीआईए, थाना पुलिस के साथ करीब पांच घंटे से अधिक समय तक बैंक व खाली मकान का निरीक्षण किया।
दोपहर डेढ़ बजे सीए की परीक्षा थी, जिसके पेपर स्ट्रांग रूम में रखे गए थे। दोपहर करीब 12 बजे स्ट्रांग रूम खोला तो अंधेरा था। टॉर्च से रोशनी की गई तो अंदर सुरंग नजर आई। इसकी तुरंत सूचना पुलिस को दी गई।
आरके महता, ज्वाइंट मैनेजर, बैंक ऑफ बड़ौदा, भिवानी
बैंक के पास खंडहरनुमा भवन से बैंक के स्ट्रांग रूम तक सुरंग बनाई गई है। रात को सायरन बजने लगा तो पुलिस मौक पर गई, लेकिन वहां कोई हलचल नहीं पाकर लौट आई। सुरंग को देखने से पता चलता है कि मिट्टी ताजा खोदी गई है और इस वारदात को छह-सात युवकों ने अंजाम दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
मौजीराम, डीएसपी