पठानकोट: वीडियो में आत्महत्या की बात कह व्यापारी लापता, नहर किनारे मोबाइल व स्कूटी मिली
पंजाब के पठानकोट में एक व्यापारी वीडियो में आत्महत्या की बात कह कर लापता हो गया। नहर किनारे स्कूटी और मोबाइल मिला है। वीडियो में व्यापारी ने छह लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। इसमें एक पुलिसकर्मी का नाम भी शामिल है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वीडियो में आत्महत्या की बात कहकर लापता हुए व्यापारी की स्कूटी धीरा पुल पर माधोपुर ब्यास लिंक नहर किनारे मिली है। इंदिरा कालोनी निवासी राजिंदर ने रविवार को अपनी सरना स्थित दुकान पर वीडियो बनाया। इसमें राजिंदर ने कुछ लोगों और एक पुलिस अधिकारी पर पैसों के लेनदेन को लेकर उसे तंग करने का आरोप लगाया। सोमवार सुबह चार बजे सभी दोस्तों, रिश्तेदारों को भेजकर घर से निकल गया। ढूंढने पर उसकी एक्टिवा एमबी लिंक नहर के किनारे धीरा पुल पर मिली।
एक्टिवा की डिग्गी में ही उनका मोबाइल भी मिला है। थाना-2 की पुलिस जांच कर रही है। बेटी खुशी ने बताया कि पिता राजिंदर सोमवार सुबह घर से यह कहकर निकले कि दुकान पर माल उतरवाने जाना है। वापस न लौटने पर जब उन्हें ढूंढना शुरू किया तो उनकी स्कूटी धीरा में नहर किनारे मिली है। परिवार ने आरोप लगाया कि नहर में पानी का बहाव बहुत तेज है। कई बार प्रशासन से पानी बंद करवाने की मांग कर चुके हैं पर पानी बंद नहीं किया जा रहा।
वीडियो में छह लोगों को बताया आत्महत्या की वजह
वीडियो में राजिंदर ने अमृतसर के एक व्यापारी, पठानकोट निवासी चार लोगों और एक एएसआई पर आरोप लगाया। राजिंदर ने बताया कि अमृतसर निवासी कारोबारी का उसके साथ कुछ पैसों का लेनदेन था। वह पुलिस का रौब झाड़ते थे, रिवाल्वर दिखाकर धमकी देते थे। इसके अलावा राजिंदर ने आरोप लगाया कि उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की और जान से मारने की धमकी दी।
वहीं, राजिंदर ने कहा कि पुलिस उक्त लोगों के साथ मिलकर उसे तंग कर रही है। राजिंदर ने वीडियो में कहा कि उक्त लोगों के हाथों मरने से अच्छा है कि वह आत्महत्या कर ले। वहीं, राजिंदर ने उन लोगों के नाम भी लिए जिनसे उसने पैसे लेने हैं।
अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि राजिंदर ने नहर में छलांग लगाई है। हालांकि, उसकी स्कूटी और मोबाइल नहर किनारे मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है। नहर का पानी बंद करवाने के लिए संबंधित विभाग से बात चल रही है। जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जा सकती है। - दविंदर प्रकाश, थाना 2 प्रभारी।