तीन लोगों ने दी जान: फिरोजपुर में विवाहिता तो मानसा में किसान ने की खुदकुशी, लुधियाना में फंदे पर झूला अधेड़
मानसा के गांव बप्पीआना में 34 वर्षीय किसान ने कर्ज से परेशान होकर अपनी जान दे दी। मृतक किसान कुलदीप सिंह के पास ढाई एकड़ जमीन थी और 12 लाख रुपये कर्ज था। कुलदीप सिंह के तीन बच्चे हैं। किसान नेताओं ने सरकार से कर्ज माफ करने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की अपील की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में अलग-अलग जगह तीन लोगों ने खुदकुशी कर ली। मानसा में कर्ज से परेशान किसान ने अपनी जान दे दी तो वहीं फिरोजपुर में ससुरालवालों से परेशान विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। लुधियाना में मंदी से परेशान 50 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगा लिया।
कारोबार में मंदी के चलते लगाया फंदा
लुधियाना के हैबोवाल कलां के न्यू दीप नगर इलाके में रहने वाले प्रवीण कुमार गुप्ता (50) ने सोमवार को अपने घर में फंदा लगा लिया। बच्चों ने फंदा लगाते हुए देखा तो उन्हें तुरंत डीएमसी अस्पताल पहुंचाया। वहां बुधवार को प्रवीण कुमार की मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद थाना हैबोवाल पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। जांच अधिकारी बलविंदर सिंह ने बताया कि प्रवीण कुमार की कैलाश नगर इलाके में साफ्ट ड्रिंक की दुकान है। उनकी दुकान पहले काफी बड़ी थी लेकिन बंटवारे के बाद हालात बदल गए। कारोबार में कमी आने के कारण वह परेशान रहते थे। सोमवार सुबह उनकी पत्नी नीना गुप्ता दुकान पर थीं। प्रवीण ने घर पर पंखे से लटककर खुदकुशी करने की कोशिश की लेकिन बच्चों ने उन्हें देख लिया था।
मानसा में किसान ने दी जान
मानसा के गांव बप्पीआना के किसान कुलदीप सिंह (34) ने कर्ज से परेशान होकर खुदकुशी कर ली। उक्त किसान पर करीब 12 लाख रुपये कर्ज था। इसलिए वह मानसिक तौर पर परेशान रहता था। कुलदीप सिंह के तीन बच्चे हैं। सबसे छोटे बेटे की उम्र सिर्फ डेढ़ साल ही है। उनके पास ढाई एकड़ जमीन थी, जिस कारण घर की आर्थिक हालत दयनीय हो गई।
गांव बप्पीआना की पंचायत व क्रांतिकारी किसान यूनियन पंजाब की गांव इकाई बप्पीआना के प्रेस सचिव कुलविंद्र सिंह, प्रधान बलदेव सिंह, ब्लॉक नेता साधु सिंह व क्रांतिकारी किसान यूनियन के भजन सिंह घुम्मन ने पंजाब सरकार से मांग की है कि इस किसान का कर्ज माफ किया जाए और परिवार के एक सदस्य को योग्यता अनुसार सरकारी नौकरी दी जाए।
बहू ने जहर खाकर की खुदकुशी
फिरोजपुर के जीरा के गांव शाह अब्बू बुक्कर में ससुरालियों की दहेज की मांग से तंग आकर बहू ने जहरीली पदार्थ निगलकर खुदकुशी कर ली। शादी को अभी तीन साल ही हुए थे। उधर, थाना सदर जीरा पुलिस ने गुरुवार को मृतका के पिता के बयान पर आरोपी पति, ससुर, सास और देवर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।
मृतका संदीप कौर (29) के पिता बलवीर सिंह निवासी गांव काने वाला (मोगा) ने पुलिस को बताया कि लगभग तीन साल पहले बेटी की शादी आरोपी मनजिंदर सिंह निवासी शाह अब्बू बुक्कर (जीरा) के साथ हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही ससुरालियों ने दहेज के लिए संदीप कौर को तंग करना शुरू कर दिया। यही नहीं कई बार बेटी के साथ मारपीट भी की। इस संबंधी बेटी ने अपने मायके वालों को बताया भी था।
मायके वाले कई बार गणमान्य व्यक्तियों को अपने साथ लेकर बेटी के ससुराल गए और उन्हें समझा बुझाकर आए थे। बुधवार को ससुरालियों ने फिर से बेटी को दहेज के लिए तंग करना शुरू कर दिया। ससुरालियों से परेशान होकर बेटी ने कोई जहरीली वस्तु निगल ली। इस कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई, उसे मोगा के एक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसने दम तोड़ दिया। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है।
उधर, उक्त मामले की जांच कर रही सब-इंस्पेक्टर कुलविंदर कौर के मुताबिक बलवीर सिंह के बयान पर आरोपी पति मनजिंदर सिंह, ससुर चरणजीत सिंह, सास गुरजिंदर कौर और देवर सुखदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है। सभी आरोपी फरार हैं, इनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा। फिलहाल पोस्टमार्टम कराने के बाद शव मायके वालों को सौंप दिया है।