Punjab News: फाजिल्का में सड़क हादसे में तीन मासूम बच्चियों की मौत, बठिंडा में आठ और मुक्तसर में नौ वाहन भिड़े
बठिंडा में सोमवार को धुंध के कारण विभिन्न स्थानों पर चार सड़क हादसे हो गए। इन हादसों में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए है लेकिन जान माल का नुकसान होने से बचाव हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में धुंध की वजह से सड़क हादसे बढ़ने लगे हैं। बठिंडा जिले में आठ और मुक्तसर में धुंध की वजह से नौ वाहन आपस में भिड़ गए। वहीं फाजिल्का जिले में सड़क हादसे में तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई जबकि मजदूर पिता बुरी तरह से घायल हो गया। उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। हादसा मलोट रोड स्थित गांव खरास वाली ढाणी में रविवार की देर रात हुआ।
सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन श्रमिक सुलतान सिंह निवासी ढाणी खरास वाली ने बताया कि वह रविवार बीती रात बाइक पर तीन बेटियों के साथ घर जा रहा था। रास्ते में खरास वाली ढाणी के नजदीक एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप चालक ने उसे टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे में उसके अलावा उसकी बेटी सिमरनजीत (9 साल), कुलविंदर (7 साल) व मीरा बाई (4 साल) घायल हो गए। घायलों को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने कुलविंदर को मृत घोषित कर दिया। वहीं सिमरनजीत व मीरा बाई को फरीदकोट रेफर कर दिया गया। लेकिन दोनों बेटियों ने फरीदकोट में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सदर पुलिस ने सुलतान सिंह के बयान पर अज्ञात पिकअप चालक पर मामला दर्ज कर लिया है।
बठिंडा: राष्ट्रीय राजमार्ग पर भिडे़ आठ वाहन
बठिंडा में सोमवार को धुंध के कारण विभिन्न स्थानों पर चार सड़क हादसे हो गए। इन हादसों में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए है लेकिन जान माल का नुकसान होने से बचाव हो गया। सोमवार को धुंध के कारण तापमान में एक दम कमी आ गई। सबसे पहला सड़क हादसा शहर के मॉडल टाउन एरिया में हुआ। यहां पर कार सवार बिजली के खंभे से टकरा गया। इस हादसे में कार सवार को मामूली चोट आई है।
इसी तरह थर्मल के पास वाहन धुंध ज्यादा होने कारण आपस में टकरा गए। इसके अलावा जिले के गांव लहरा मोहब्बत के पास बठिंडा-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेलवे फाटक बंद था। इस दौरान फाटक पर एक छोटा हाथी खड़ा था। मगर धुंध के कारण कुछ भी दिखाई न देने के कारण छोटा हाथी के पीछे एक बस टकरा गई। इसके बाद बस से कार व अन्य बस टकरा गई। इसके बाद चार और वाहन भिड़ गए। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। मगर छोटा हाथी वाहन का चालक जख्मी हो गया।
धुंध में हादसा: फ्लाईओवर पर कई वाहन आपस में भिड़े
उधर, घनी धुंध की वजह से गिद्दड़बाहा के पास भी हादसा हुआ। गिद्दड़बाहा-मलोट रोड पर स्थित गांव थेहड़ी के फ्लाईओवर पर ओवरटेक करते वक्त पीआरटीसी की बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इसके बाद एक के बाद एक करीब नौ वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
गांव कुराईवाला का निवासी प्रिथी सिंह अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर चारा लेकर गिद्दड़बाहा जा रहा था। घने कोहरे के कारण मलोट से गिद्दड़बाहा आ रही बस ने उनके ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। वहीं अबोहर से गिद्दड़बाहा जा रही ब्रीजा कार भी टकरा गई। इसके बाद गिद्दड़बाहा से आ रही एक्सयूवी कार की टक्कर हुई और ऑल्टो कार भी हादसाग्रस्त हो गई। लगातार इतने वाहनों की टक्कर से ट्रैक्टर डिवाइडर पार दूसरी तरफ चला गया। इस दौरान गिद्दड़बाहा से मलोट जा रही एक बस ने ट्रैक्टर को सड़क के बीच आते देख बस को रोक दिया लेकिन इसी दौरान बठिंडा से मलोट की तरफ जा रही पिकअप गाड़ी खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई।
स्कूल बस भी हादसा ग्रस्त, सवार थे 13 विद्यार्थी
इसके अलावा गिद्दड़बाहा के एक स्कूल की बस भी इन वाहनों से टकरा गई। बस में 13 विद्यार्थी व एक पीटी अध्यापक सवार था। सभी अबोहर में होने वाले प्रदेश स्तरीय खेल मुकाबलों में भाग लेने जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल करवाया।