पोस्टमार्टम में साफ न हो सकी छात्रा की मौत की वजह, परिजनों को सौंपा शव
पंजाब यूनिवर्सिटी के होस्टल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले छात्रा के शव का शुक्र वार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। इसी बीच छात्रा के पिता नहीं मान रहे है कि उनकी बेटी अचानक इस तरह से मर सकती है।
उनका कहना है कि मामले की पूरी तरह जांच होनी चाहिए। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता नहीं लगने से पुलिस ने विसरा सीएफएसएल जांच के लिए भेज दिया है। जीएमएसएच-16 में शुक्रवार को तीन डॉक्टरों के बोर्ड ने छात्रा के शव का पोस्टमार्टम किया।
मामले के जांच अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। इसके बाद विसरा जांच के लिए सीएफएसएल भेजा गया है। साथ ही पुलिस का कहना है कि छात्रा के दिल व फेफड़ों के नमूने पैथोलॉजी लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस ने सीएफएसएल जांच के लिए भेजा विसरा
परिजनों की तरफ से किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी गई है। सेक्टर-11 पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। मोर्चरी के बाहर बेटी का शव लेने के लिए गुरदासपुर से पहुंचे लवलीन के पिता त्रिलोचन सिंह ने बताया कि उनको किसी पर शक नहीं है कि उनकी बेटी की मौत के पीछे किसी का हाथ है, लेकिन वो कैसे बिना किसी कारण के ऐसे मर सकती है।
परिजनों का कहना है कि लवलीन पूरी तरह तंदरुस्त थी। लवलीन को किसी तरह की कोई बीमारी भी नहीं थी। फिर वो कैसे रात को खाना खाकर सोई और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मांग की कि मामले की पूरी गहनता से छानबीन होनी चाहिए।
पिता ने बताया कि उनकी तीन बेटियां है। लवलीन सबसे ज्यादा पढ़ने लिखने में होशियार थी। लवलीन को गुरदास में कई इनाम भी मिलेहैं। लवलीन के पिता रविवार को उससे हॉस्टल में मिले थे। उसको पैसे व कंबल दे कर गए थे।
गौरतलब है कि वीरवार शाम 5 बजे लवलीन कौर का शव हॉस्टल नंबर-5 स्थित उसके कमरा नंबर-22 में मिला था। लवलीन कौर के कमरे में साथ रहने वाली छात्रा मनी कंबोज जब क्लासेस अटेंड करके कमरे में पहुंची तो देखा कि लवलीन कौर बेड पर बेसुध पड़ी हुई है। इस बारे में उसने हॉस्टल के वार्डन को बताया। इसके बाद उसको जीएमएसएच-16 लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया था।