ड्रग रैकेट में मजीठिया से दोबारा होगी पूछताछ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने राजस्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को दोबारा तलब करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मजीठिया को नए साल के पहले सप्ताह में किसी भी दिन दोबारा बुलाया जा सकता है।
मजीठिया की तरफ से दिए गए बयानों की पड़ताल चल रही है और कई तथ्यों व संपर्क पर ईडी दोबारा पूछताछ करने की योजना बना रही है। ईडी मजीठिया से दूसरे चरण में करीब 50 सवाल पूछ सकती है। सवालों का ब्यौरा तैयार किया जा रहा है।
इन तीन सवालों पर है माथापच्ची
पहला: तीनों कनाडा सिटीजन के साथ मजीठिया से संबंध
दूसरा: हवाला के जरिए मिली 70 लाख रुपये की राशि
तीसरा: बिट्टू औलख से राजस्व मंत्री की नजदीकियां
इन तीनों सवालों पर मजीठिया ने जो बयान 26 दिसंबर को दर्ज करवाए हैं, उससे ईडी के अधिकारियों की जांच पूरी नहीं हुई है। ऐसे में मजीठिया को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक मजीठिया से पूछताछ करने वाले अधिकारी करनल सिंह दिल्ली लौट गए हैं लेकिन वह लगातार जांच पर नजर रखे हुए हैं।
चार घंटे से अधिक पूछताछ हुई थी
इससे पहले ड्रग रैकेट मामले में पंजाब के कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट द्वारा 26 दिसंबर को चार घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई।
मजीठिया सुबह लगभग 10.30 बजे जालंधर स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे और वहां लगभग चार घंटे से अधिक समय तक कार्यालय के अंदर बने रहे। ईडी सूत्रों के अनुसार, मजीठिया से खास अनिवासी भारतीयों से संबंधों के लिए पूछताछ की गई। ईडी द्वारा की गई इस मामले की जांच पर आधारित कई सवाल मजीठिया से पूछे गए।
पंजाब पुलिस ने 2013 में 6,000 करोड़ रुपये के कृत्रिम मादक पदार्थो के अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया था। निदेशालय ने इससे धन की हेराफेरी का गंभीर मामला जुड़े होने पर इसकी अलग से जांच शुरू की थी।
मजीठिया का नाम इस मामले में तब सामने आया, जब मादक पदार्थ तस्करी गिरोह मामले के मुख्य आरोपी जगदीश सिंह भोला ने आरोप लगाया कि मजीठिया इस गिरोह से जुड़े हुए हैं। भोला पूर्व पुलिस अधिकारी है।
अब इस मामले में पंजाब की सियासत पूरी तरह से गर्मा गई है। बीजेपी, कांग्रेस और अकाली दल के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है।