पटियाला एसएसपी पर NRI महिला का सनसनीखेज आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ड्रग तस्करी मामले में नाभा जेल में बंद आरोपी एनआरआई मनप्रीत सिंह गिल की पत्नी अमरजीत कौर बसरा ने आरोप लगाया है कि पटियाला के एसएसपी हरदयाल सिंह मान ने उनके पति को एक करोड़ रुपये रिश्वत लेने के बावजूद नहीं छोड़ा। यहां बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कनाडा निवासी एनआरआई अमरजीत कौर ने पुलिस कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ उनके परिवार वालों की बातचीत की वीडियो और ऑडियो सीडी भी पेश की।
आरोपी से 1 करोड़ राशि की रिकवरी
इस सीडी में एक व्यक्ति कहता सुनाई पड़ रहा है कि एसएसपी ने एक करोड़ रुपये भी ले लिए और गिल को छोड़ा भी नहीं। अमरजीत का दावा है कि यह आवाज मामले के जांच अधिकारी की है। एसएसपी पटियाला हरदयाल सिंह मान ने संपर्क करने पर कहा कि जिस राशि की बात की जा रही है, वह केस प्रॉपर्टी है। आरोपी से इस राशि की रिकवरी की गई है तथा रिश्वत लेने जैसे आरोप बेबुनियाद हैं।
फतेहगढ़ साहिब पुलिस उठा ले गई थी उसके पति को
पत्रकारों से बातचीत में अमरजीत कौर ने बताया कि उनके पति मनप्रीत सिंह का ओटावा कनाडा में कंस्ट्रशन का कारोबार है। कुछ साल पहले उनका परिवार मनप्रीत के दादा-दादी के साथ रहने और बच्चों को पंजाब में पढ़ाने के लिए लुधियाना आ गया। परिवार अक्सर कनाडा आता-जाता रहता रहा। ड्रग मामले में अनूप सिंह काहलों की गिरफ्तारी के बाद दो मार्च, 2013 को फतेहगढ़ साहिब पुलिस के छह-सात कर्मचारी उनके यहां आए। वह मनप्रीत सिंह और उसके दोस्त रॉबिन ग्रेवाल (जो अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए कनाडा से यहां आए थे) को उठाकर ले गए।
एसएसपी ने मनप्रीत को छोड़ने के लिए मांगे 1 करोड़!
उनके घर में तीन-चार पुलिस कर्मचारी तैनात कर दिए गए। अगले दिन पुलिस की ओर से बताया गया कि अनूप सिंह काहलों ने पूछताछ में मनप्रीत सिंह नाम लिया है। रॉबिन को 5 मार्च को पुलिस ने इसलिए छोड़ दिया, क्योंकि वह कनाडा से रिटर्न वीजा टिकट पर एक सप्ताह के लिए आया था। अमरजीत के अनुसार फिर पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें कहा कि मनप्रीत को छोड़ने के बदले एसएसपी हरदयाल सिंह मान एक करोड़ रुपये की मांग कर रहे हैं। परिवार ने एक करोड़ रुपये का इंतजाम किया। 7 मार्च, 2013 को मुकरबा चौक, नई दिल्ली में पुलिस कर्मचारियों को 50 लाख रुपये सौंपे गए। अगले दिन 8 मार्च को लुधियाना में फव्वारा चौक के निकट 50 लाख सौंपे गए।
ड्रग तस्करी में आरोपी है एनआरआई मनप्रीत
इसके बावजूद उनके पति को नहीं छोड़ा गया। पैसा मिलने के बाद मान ने उनके पति को अपने पास बुलाया और उनसे 50 लाख रुपये की और मांग की, जो उन्होंने नहीं दिए। इसके बाद पुलिस ने 8 मार्च को मनप्रीत सिंह की मंडी गोबिंदगढ़ के निकट से गिरफ्तार दिखा दिया। अमरजीत कौर ने माना कि उनके पति मनप्रीत की अनूप सिंह काहलों के साथ जान पहचान थी, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि वह ड्रग तस्करी में शामिल था। अमरजीत कौर ने कहा कि इस मामले में सबूत राष्ट्रपति, सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को सौंपे दिए गए हैं।