सतलोक आश्रम को खाली करने के आदेश
हरियाणा के सतलोक आश्रम में गेट पर बैठे संत के अनुयायियों से आश्रम को खाली करने को कहा गया है। प्रशासन ने आदेश में कहा है कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा बाबा रामपाल के विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया गया है।
उपायुक्त एमएल कौशिक ने बताया कि उच्च न्यायालय द्वारा पुलिस को आदेश दिए गए हैं कि पुलिस बाबा रामपाल को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के समक्ष गिरफ्तार करके तुरंत पेश करें।
सभी श्रद्धालु इस आश्रम को तुरंत खाली कर दें। आपको चेतावनी दी जाती है कि आप कानून की पालना में बाधा न डालें। श्रद्धालुओं को आश्रम से बाहर आने पर शांतिपूर्वक रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड तक पहुंचा दिया जाएगा। यदि श्रद्धालुओं को इस बारे में असुविधा होती है या कोई उन्हें रोकता है तो वे पुलिस थाना बरवाला के फोन नंबर या थाना प्रबंधक से बात करें।
आश्रम का हवाई सर्वेक्षण
उध्ार हिसार में सतलोक आश्रम खाली करवाने की आदेशों के बाद अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण किया। वे सतलोक आश्रम के ऊपर से कई बार इधर-उधर गए और मौके का मुआयना किया। इसके बाद उन्होंने रणनीति बनाकर आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार हेलीकॉप्टर में एडीजीपी अखिल मोहम्मद, आईजी लॉ एंड ऑर्डर अलोक मित्तल, आईजी हिसार रेंज अनिल राव ने करीब 4 बजकर 20 मिनट पर सतलोक आश्रम के ऊपर से हवाई सर्वेक्षण किया।
प्रशासन ने आश्रम की निगरानी के लिए केंद्र सरकार से ड्रोन की मांग की है। ड्रोन के माध्यम से सरकार आश्रम की गतिविधियों पर नजर रखेगी।
प्रदेश सरकार ढूंढ रही रास्ता
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की फटकार के बाद शर्मसार हुई प्रदेश की अफसरशाही एक बार फिर से संत रामपाल की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। सोमवार को भी हरियाणा सरकार का पूरा अमला इस प्रयास में जुटा रहा कि सरकार को इस भंवर से बाहर कैसे निकाला जाए।
उधर, संत के आश्रम से गायब होने की खबरों में प्रदेश सरकार को एक बार फिर से चिंता में डाल दिया है। हालांकि पुलिस अधिकारी इन खबरों का खंडन कर रहे हैं। लेकिन सूत्र बताते हैं कि आश्रम की निगरानी के लिए केंद्र सरकार से ड्रोन की मांग की गई है। ड्रोन के माध्यम से सरकार आश्रम की गतिविधियों पर नजर रखेगी। इसके अलावा भी राज्य पुलिस केंद्र सरकार के साथ समन्वय बना कर काम कर रही है।
एसएन वशिष्ठ, डीजीपी हरियाणा ने बताया कि आपरेशन चालू है। संत रामपाल के आश्रम से बाहर होने के बारे में हमें कोई अधिकारिक सूचना नहीं है। हिसार के आईजी के मुताबिक रामपाल आश्रम के अंदर हैं। शीघ्र ही हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन में सफल होंगे।