हरियाणाः कालका में हनुमान मंदिर के पुजारी की निर्मम हत्या, खून से लथपथ मिला शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोमवार को कालका-परवाणू बैरियर के समीप स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी बाबा श्याम (70) का खून से लथपथ शव मंदिर के नीचे बनी रसोई में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आसपास के क्षेत्र में यह खबर फैलते ही मंदिर में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही डीसीपी पंचकूला कमलदीप गोयल, एसीपी कालका पवन कुमार तथा एसएचओ कालका ललित कुमार ने मौके पर जाकर जांच की। पुलिस द्वारा मामले की सूचना सीन ऑफ क्राइम टीम को दी गई, इसके बाद टीम ने भी घटनास्थल का दौरा करके जरूरी साक्ष्य जुटाए।
बाबा के सिर से बह रहा था खून
पुलिस को दिए बयान में काली माता मंदिर के समीप रहने वाले कमल कुमार ने बताया कि बाबा श्याम पिछले लगभग 10-12 वर्ष से मंदिर में पूजा पाठ का काम करते थे। उन्होंने बताया कि वे पिछले लगभग दो साल से प्रतिदिन मंदिर में माथा टेकने आते हैं। उन्होंने बताया कि रोजाना की तरह सोमवार को भी सुबह लगभग 7:30 बजे वह मंदिर में माथा टेकने के लिए आए तो देखा कि मंदिर के सारे गेट खुले हुए थे, लेकिन बाबा उन्हें दिखाई नहीं दिए।
उन्होंने बाबा को काफी आवाज लगाईं पर कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने बेसमेंट में सीढ़ियों से उतरकर नीचे देखा तो रसोई में उन्हें बाबा गिरे हुए नजर आए। उन्होंने बताया कि बाबा का सिर खून से लथपथ था व फर्श पर भी काफी खून बिखरा हुआ था, इसके बाद तुरंत इसकी जानकारी काली माता मंदिर के पुजारी दर्शन गिरी और पूर्व पार्षद सोमनाथ को दी गई। जिन्होंने मामले की सूचना कालका पुलिस को दी। पुलिस ने कमल कुमार के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शव के पास मिले चूड़ियों के टुकड़े
मामले की जांच के लिए पुलिस मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है व मंदिर में माथा टेकने के लिए आने वाले भक्तों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शव के पास चूड़ियों के टुकड़े भी मिले है, जिससे वारदात में किसी महिला के शामिल होने का शक भी जताया जा रहा है। वहीं पास में ही रखी एक बाल्टी से ईंट भी बरामद हुई है।
अलमारी का सामान बिखरा मिला व एक्टिवा गायब
मंदिर के अन्य कमरे में रखी अलमारी का सामान कमरे में बिखरा पड़ा था, जिसमें चांदी के गहने भी शामिल थे। जांच के दौरान सामने आया कि बाबा की एक्टिवा भी गायब थी, जबकि कमरे में एक बैग में एलईडी टीवी पड़ा मिला। पुलिस फिलहाल इसे लूट की वारदात न मानते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है। सूत्रों की माने तो यदि यह लूट की वारदात होती तो चोर चांदी के जेवरात कमरे में छोड़कर न जाते। पुलिस फिलहाल विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। सीन ऑफ क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया था। मामले की जांच जारी है। - कमलदीप गोयल - डीसीपी पंचकूला