पुलिस चौकी में महिलाओं ने काटा बवाल, फाड़ी लेडी होमगार्ड की वर्दी, तीन हुई गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आपस में झगड़े की शिकायत लेकर चंडीगढ़ की पलसौरा चौकी पहुंची करीब 25 महिलाओं ने जमकर बवाल काटा। चौकी में रखे गमले तोड़ डाले और लेडी होमगार्ड सरबजीत की वर्दी तक फाड़ डाली। इतना ही नही महिलाओं ने सब इंस्पेक्टर सेवा सिंह से बहसबाजी भी की। चौकी पहुंचीं महिलाएं केवल इस बात पर भड़क उठीं कि उनसे झगड़े की शिकायत लिखित में मांगी गई।
तोड़फोड़ के बाद सभी आरोपी महिलाएं चौकी से फरार हो गईं। सेक्टर-39 थाना पुलिस आरोपी महिला अनु, अरुणा, उर्वशी, माया, गुड़िया और अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 332, 353 और 186 के तहत केस दर्ज कर तीन महिला को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य फरार हैं। आरोपी महिलाओं की पहचान सेक्टर-56 निवासी फूलवती, माया व और सेक्टर-26 निवासी गुड़िया के रूप में हुई है। आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया जबकि पुलिस अन्य आरोपी महिलाओं की तलाश कर रही है।
पलसौरा चौकी में तैनात लेडी होमगार्ड सरबजीत कौर ने पुलिस को बताया कि सोमवार को उसकी ड्यूटी वुमन डेस्क पर लगी हुई थी। इसी दौरान रात करीब सवा नौ बजे 20-25 महिलाएं चौकी में आ गईं और चौकी इंचार्ज सेवा सिंह व हवलदार मेहर सिंह से कहने लगीं कि उनका सेक्टर-56 में झगड़ा हुआ है और पुलिस दूसरी पार्टी को तुरंत गिरफ्तार करे। इस पर पुलिस ने उन्हें कहा कि लिखित में शिकायत दें।
इसके बाद जो भी बनती कार्रवाई होगी, की जाएगी। शिकायत देने की बजाय सभी महिलाएं चौकी इंचार्ज और हवलदार से उलझ पड़ीं और गालियां देने लगीं। इसके बाद होमगार्ड सरबजीत कौर ने बीच बचाव किया तो महिलाएं उस पर भी भड़क गईं और भला बुरा कहने लगीं। इसके बाद सभी महिलाएं उसकी ओर आने लगीं तो लेडी होमगार्ड मुंशी रूम में चली गई लेकिन आरोपी महिला रुकी नहीं और उसका पीछा कर मुंशी के रूम में पहुंच गईं, जहां उसे और मुंशी को जमकर पीटा और वर्दी फाड़ दी गई। इसके बाद सभी महिलाएं वहां से फरार हो गईं। मामले की सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना प्रभारी मनिंदर सिंह अपने टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
सुबह हुई थी दो गुटों में मारपीट
पुलिस का कहना है बीते दिन दो गुटों में मारपीट हुई थी। इसमें एक युवक घायल हो गया था। इसके बाद पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 107,151 के तहत युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। उसी मामले के चलते रात उसके परिजन आए और दूसरे पक्ष के आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कहने लगे लेकिन जब उनसे लिखित में शिकायत मांगी गई तो वह मारपीट और तोड़फोड़ शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज में कैद महिला
पुलिस ने बताया कि तोड़फोड़ के बाद सभी महिलाएं मौके से फरार हो गईं। इसके बाद पुलिस चौकी में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया। पुलिस के मुताबिक हुड़दंग और मारपीट कर रही महिलाएं फुटेज में कैद हो गई हैं। सीसीटीवी फुटेज की मदद से महिला की पहचान कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है।