कंजक बैठाने का झांसा दे बच्ची से बलात्कार
हरियाणा के पंचकूला में एक किशोर ने घर में कंजक बैठाने का झांसा देकर सात साल की बच्ची को अपने साथ लाया और मनसा देवी स्थित पटियाला मंदिर के पीछे जंगल में ले जाकर दुराचार किया।
बच्ची को जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने पुलिस को तो बयान दे दिया, लेकिन फिलहाल कोर्ट में बयान देने के लिए फिट नहीं है।
पीड़ित बच्ची ने पुलिस को बताया कि वह 10 लोगों में भी आरोपी की पहचान कर सकती है। बहरहाल, एमडीसी थाना पुलिस ने दुराचार व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज करके आरोपी को राउंडअप कर लिया है।
पटियाला मंदिर के पीछे जंगल में ले जाकर रेप
बच्ची के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे एमडीसी में रहते हैं। उनकी बेटी एक अन्य लड़की के साथ मनसा देवी मंदिर में माथा टेकने गई थी। वहां से लौटते समय उसे एक लड़का मिला और घर में कंजक बैठाने की बात कहकर साथ ले गया।
बच्ची उसके साथ चली गई, जबकि दूसरी लड़की ने साथ जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पटियाला मंदिर के पीछे जंगल में ले जाकर लड़के ने बच्ची से दुराचार किया और धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देगा।
बच्ची किसी तरह अपने घर पहुंची और मां को आपबीती बताई। उसे अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।