हेड कांस्टेबल को धक्का देकर कैदी भागा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़। सरकारी वकील से मारपीट के आरोपी कैदी को रोपड़ पुलिस सोमवार को चंडीगढ़ जिला अदालत में पेशी के लिए लाई थी, लेकिन कैदी अदालत के गेट पर हेड कांस्टेबल को धक्का देकर फिल्मी स्टाइल में भागने में सफल रहा। पुलिस ने कार का पीछा किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
रोपड़ जेल में बंद चंडीगढ़ के सेक्टर-38 निवासी संदीप को रोपड़ पुलिस सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत में पेशी के लिए लाई थी। हेड कांस्टेबल नरेश जब उसे ले जाने लगा तो संदीप ने जिला अदालत के गेट पर नरेश को धक्का दे दिया। पहले से बाहर खड़ी सफेद रंग की ऑल्टो कार में बैठकर वह भाग गया।
पुलिस को घटना की सूचना कैदी की पत्नी ने दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और कार का मनीमाजरा तक पीछा किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। पंजाब पुलिस कैदी की तलाश में छापेमारी कर रही है। गौरतलब है कि संदीप को सरकारी वकील जेपी सिंह के साथ हुई मारपीट के मामले में पेशी पर लाया गया था। उसको पंजाब पुलिस का हेड कांस्टेबल नरेश अपनी कस्टडी में लेकर आया था।
पहले से थी भागने की प्लानिंग
संदीप की पत्नी अमनदीप कौर ने बताया कि वह सात साल से संदीप से दूर रह रही है। बीते दिनों सास का फोन आया और उन्होंने कहा कि संदीप अब सुधर गया है। सोमवार को उसकी पेशी है। वह उससे मिलने आ जाए।
इसके बाद वह उससे मिलने जिला अदालत पहुंची थी। इस दौरान संदीप ने उससे इस्तेमाल करने के लिए फोन लिया, जिसे वह अपने साथ ले गया।
संदीप ने भागने की योजना पहले से बना ली थी। बताया जाता है कि संदीप के एक रिश्तेदार का बेटा सफेद रंग की ऑल्टो कार में पहले से यहां मौजूद था। ऑल्टो कार जिला अदालत में खड़ी थी। जब संदीप कार की ओर लपका तो कार का दरवाजा खुल गया।
संदीप पर पंजाब-चंडीगढ़ में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आरोपी ने कुछ समय पहले सरकारी वकील जेपी सिंह पर हमला किया था। उस पर हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं। इन वारदात में आरोपी ने फायर भी किए थे। इस मामले में उस पर आर्म एक्ट का मामला भी दर्ज है।