राजस्थान: दीपावली से पहले जयपुर में जाली नोटों की खेप पकड़ी, 3.45 लाख रुपए बरामद; आरोपी हुआ गिरफ्तार
जयपुर में दीपावली से पहले जाली नोट बाजार में खपाने की कोशिश का खुलासा हुआ है। सीएसटी ने भट्टा बस्ती इलाके से शाहबाज खान को गिरफ्तार कर 3.45 लाख रुपए के जाली नोट बरामद किए हैं। पुलिस नेटवर्क की जांच कर रही है।
विस्तार
जयपुर में दीपावली से पहले जाली नोट बाजार में खपाने की कोशिश का पुलिस ने खुलासा किया है। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 33 वर्षीय शाहबाज खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 500-500 रुपए के कुल 3.45 लाख रुपए के जाली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन नोटों को जयपुर में किन लोगों के जरिए बाजार में चलाने की तैयारी थी।
जयपुर के स्पेशल कमिश्नर (ऑपरेशन) ओमप्रकाश ने बताया कि सीएसटी ने रविवार देर रात कार्रवाई करते हुए नाहरी का नाका स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी शाहबाज खान को पकड़ा। आरोपी को बाद में भट्टा बस्ती थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुरानी दिल्ली से लाया था जाली नोट
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जाली नोट पुरानी दिल्ली में जामा मस्जिद के आसपास के इलाके से लाने की बात कबूल की है। आरोपी ने बताया कि दीपावली के त्योहार के दौरान इन जाली नोटों को जयपुर के बाजार में खपाने की तैयारी थी।
पूछताछ में उसने यह भी बताया कि एक लाख रुपए की असली करेंसी के बदले तीन लाख रुपए के जाली नोट उपलब्ध कराए जाते हैं। पुलिस अब आरोपी से जुड़े स्थानीय नेटवर्क और जाली नोट उपलब्ध कराने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पढे़ं: अरावली पहाड़ियों में आग ने लिया विकराल रूप, सूखी झाड़ियों से उठीं लपटों ने कई किलोमीटर तक मचाई तबाही
पहली नजर में असली जैसे दिखते हैं नोट
पुलिस के अनुसार, बरामद जाली नोट पहली नजर में हूबहू असली नोटों जैसे दिखाई देते हैं। हालांकि, गौर से देखने पर इनके कागज और प्रिंटिंग की गुणवत्ता में अंतर नजर आता है। पुलिस की जांच में एक नोट पर ऊपर और नीचे अलग-अलग सीरियल नंबर अंकित मिले। इससे नोटों के जाली होने की पुष्टि हुई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान बाजार में जाली नोट चलाने की कोशिशें बढ़ सकती हैं। सीएसटी की कार्रवाई के बाद अब पुलिस जाली करेंसी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी आने वाले दिनों में कार्रवाई की जा सकती है।