पटियाला: कार लूट में शामिल बदमाशों ने किया बड़ा खुलासा, निशानदेही पर 32 बोर की 10 पिस्तौल, 18 मैगजीन बरामद
एसएसपी ने बताया कि आरोपी कुलविंदर सिंह उर्फ सोनू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और अन्य जुर्म के तहत 11 केस संगरूर, बरनाला और गुरदासपुर में दर्ज हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंबाला-राजपुरा रोड के नजदीक शंभू हाईवे पर 28 फरवरी की रात को पिस्तौल दिखाकर वरना कार लूट मामले में दो और बदमाशों की गिरफ्तारी से पंजाब में अवैध हथियारों की तस्करी का खुलासा हुआ है। एक बदमाश को पुलिस लुधियाना से तो दूसरे को संगरूर से गिरफ्तार करके लाई थी। दोनों की निशानदेही पर 32 बोर की 10 अवैध पिस्तौल समेत 18 मैगजीन और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है। इनके संबंध गैंगस्टरों से बताए जा रहे हैं। वरना कार लूट में इस्तेमाल हथियार भी इन्होंने ही मुहैया कराए थे।
एसएसपी डॉ. संदीप कुमार गर्ग ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि शंभू हाईवे पर कार लूट मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हथियारों समेत गिरफ्तार किया था। पड़ताल के दौरान खुलासा हुआ कि बड़े स्तर पर अवैध हथियारों की सप्लाई की जा रही है। कुछ अपराधियों ने अवैध हथियार अपने कब्जे में रखे हुए हैं।
सीआईए स्टाफ इंचार्ज शमिंदर सिंह की अगुवाई में टीम ने तलविंदर सिंह उर्फ निक्कू (37) निवासी गांव दाद थाना सुधार जिला लुधियाना देहात को उसके गांव से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घर से 32 बोर के चार पिस्तौल समेत 18 कारतूस बरामद किए। इसी तरह एक अन्य आरोपी कुलविंदर सिंह उर्फ सोनू (42) निवासी जुझार नगर कृष्णपुरा जिला संगरूर को उसके घर से गिरफ्तार किया जिसकी निशानदेही पर 32 बोर के छह पिस्तौल समेत 13 कारतूस और आठ मैगजीन बरामद कीं। वरना कार लूट में इस्तेमाल हथियार इन्होंने ही मुहैया कराए थे।
कुलविंदर के खिलाफ 11, तलविंदर खिलाफ आठ केस दर्ज
एसएसपी ने बताया कि आरोपी कुलविंदर सिंह उर्फ सोनू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और अन्य जुर्म के तहत 11 केस संगरूर, बरनाला और गुरदासपुर में दर्ज हैं। तलविंदर सिंह उर्फ निक्कू के खिलाफ संगीन मामलों के तहत लुधियाना और मोगा में आठ केस दर्ज हैं। उसका संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी है। तलविंदर सिंह निक्कू साल 2016 में मोगा में हुई कैश वैन की 60 लाख रुपये वाली डकैती में शामिल रहा था।
आरोपी मध्य प्रदेश से लाते थे अवैध हथियार
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों से खुलासा हुआ है कि वह अवैध हथियार मध्य प्रदेश से लाए थे। इनकी मंशा आने वाले दिनों में जगरांव में बड़ी वारदात करने की थी। इस बारे में पूछताछ की रही है। दोनों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश करके दो अप्रैल तक रिमांड पर लिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि वरना कार लूट मामले में गिरफ्तार आरोपियों पवनदीप सिंह उर्फ पवन गरचा, रणजोध सिंह उर्फ ज्योति और मनविंदर सिंह उर्फ चमकौर सिंह से रिमांड के दौरान हुई पूछताछ के आधार पर रघुविंदर सिंह उर्फ रिंकी निवासी गांव अजनौद जिला लुधियाना व आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश निवासी गांव नाग कलां जिला अमृतसर को प्रोडक्शन वारंट पर फरीदकोट जेल से लाया गया है।
राजपुरा में 28 फरवरी को डिप्टी मैनेजर से लूटी थी कार
बता दें कि आईसीआईसी बैंक ब्रांच राजपुरा के डिप्टी मैनेजर अजायब सिंह निवासी देवीगढ़ से 28 फरवरी की रात में दो लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर वरना कार लूटी थी। थाना शंभू में केस दर्ज किया गया। इस मामले में पुलिस ने 20 मार्च को पवनदीप सिंह उर्फ पवन गरचा निवासी गांव बिलगा लुधियाना, मनविंदर सिंह उर्फ चमकौर सिंह निवासी गांव खापड़ खेड़ी थाना घरिंडा अमृतसर और रणजोध सिंह ज्योति निवासी गांव जवाहर सिंह वाला जिला मोगा को गिरफ्तार किया। इनसे लूटी वरना कार, 32 बोर की पिस्टल समेत छह कारतूस, एक अन्य पिस्तौल व 315 बोर के दो कारतूस समेत लूट में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद हुई थी। एसएसपी के मुताबिक, आरोपियों ने हत्या की किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए कार लूटी थी।