फिरोजपुर में पाकिस्तानी घुसपैठिया गिरफ्तार, अमृतसर में सीमा से छह को पकड़ चुकी है बीएसएफ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने शुक्रवार की रात पंजाब में पाकिस्तानी घुसपैठिया काबू किया है। वह भारत की सीमा में लगभग 90 मीटर भीतर आ चुका था। बीएसएफ व खुफिया एजेंसियों के अधिकारी पाक नागरिक से गहन पूछताछ करने में जुटे हैं।
शनिवार को फिरोजपुर के गुरुहरसहाए से सटी सरहद पर बनी बीएसएफ की बीओपी शम्सके के नजदीक पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार किया गया। खुफिया सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी नागरिक मंजूर अहमद (50) पुत्र बाली अहमद निवासी गांव बोपर वाला, जिला लाहौर पाकिस्तान ने बीओपी शम्सके के नजदीक बार्डर पिलर नंबर-219/10 की तरफ से भारतीय सीमा में प्रवेश किया।
मंजूर जीरो लाइन से लगभग 90 मीटर अंदर भारतीय सीमा में घुस चुका था। बीएसएफ जवानों ने घुसपैठ करते देख उसे रुकने की चेतावनी दी। बीएसएफ जवानों ने उसे काबू कर वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष पेश किया। बीएसएफ व खुफिया एजेंसी के अधिकारी मंजूर से गहन पूछताछ करने में लगे हैं।
अमृतसर में पुल कंजरी से पहली बार छह पाकिस्तानियों ने की घुसपैठ
उधर, बीएसएफ ने भारत-पाकिस्तान सीमा स्थित भारतीय निगरानी चौकी (बीओपी) पुल कंजरी से छह पाकिस्तानी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया था। अटारी सेक्टर की इस अति संवेदनशील बीओपी से एक साथ छह पाकिस्तानियों के घुसपैठ करने की यह पहली घटना है।
गिरफ्तार पाकिस्तानियों में एक किशोर भी शामिल है। बाकी पांच घुसपैठियों की पहचान मोहम्मद आसिफ (25), मोहम्मद उमर फारुख (21), मोहम्मद आरिफ (22), राजा अब्बास (19) और शौकत (18) के रूप में हुई है। सभी खैबर पख्तूनवा के डेरा इस्माइल खान के रहने वाले हैं। उनसे पांच मोबाइल, नौ सिम कार्ड, तीन मेमोरी कार्ड और पहचान पत्र बरामद हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार शाम जब ये पाकिस्तानी नागरिक भारतीय सीमा में दाखिल हुए थे तो बीएसएफ के जवानों ने इन्हें ललकारा। इसके बाद इन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया था। पूछताछ में इन्होंने अपने आपको रंगरोगन का काम करने वाला मजदूर बताया है।