{"_id":"665067e7c6e8f151c90307ea","slug":"new-revelation-in-fraud-with-800-people-in-chandigarh-2024-05-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"चंडीगढ़ में 800 लोगों से ठगी: विदेश भागने की फिराक में था आरोपी ठेकेदार, एक करोड़ की संपत्ति बरामद","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
चंडीगढ़ में 800 लोगों से ठगी: विदेश भागने की फिराक में था आरोपी ठेकेदार, एक करोड़ की संपत्ति बरामद
Fri, 24 May 2024 03:46 PM IST
निवेदिता वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Fri, 24 May 2024 03:46 PM IST
सार
अगस्त 2023 में ठेकेदार सिमर खेरवाल ने सेक्टर-25 निवासी साथी एजेंट रोहित के साथ मिलकर ठगी का यह पूरा खेल शुरू किया था। एजेंट रोहित ही लोगों से पैसे इकट्ठे कर ठेकेदार तक पहुंचाता था।
विज्ञापन
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : वीडियो ग्रैब
विस्तार
नौकरी का झांसा देकर 800 लोगों से छह करोड़ रुपये ठगने वाले शातिर महाठग सिमर खेरवाल को पुलिस की कार्रवाई का अंदेशा हो गया था इसलिए वह विदेश भागने की फिराक में था। यह बात पुलिस जांच में सामने आई है। कई और चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
विज्ञापन
आरोपी ठेकेदार सिमर खेरवाल और उसका साथी पुलिस रिमांड पर हैं। पूछताछ कर पुलिस ने आरोपियों के फ्लैट का पता लगाने के साथ गाड़ियां, गहने व नकदी बरामद की है। इनकी कीमत करीब एक करोड़ आंकी गई है। ये सभी चीजें आरोपियों ने ठगी की रकम से खरीदी थी।
विज्ञापन
पुलिस जांच में अब तक करीब 450 पीड़ितों के नाम सामने आए हैं, जिनसे 80 हजार से लेकर डेढ़ लाख तक की रिश्वत ली गई थी। अगस्त 2023 में ठेकेदार सिमर खेरवाल ने सेक्टर-25 निवासी साथी एजेंट रोहित के साथ मिलकर ठगी का यह पूरा खेल शुरू किया था। एजेंट रोहित ही लोगों से पैसे इकट्ठे कर ठेकेदार तक पहुंचाता था। आरोपी ठेकेदार को इस बात का अंदाजा नहीं था कि मामला इतना जल्दी तूल पकड़ लेगा और पुलिस उसे धर दबोचेगी। वह अपने एजेंट साथी रोहित के साथ दो दिन के रिमांड पर है। दोनों को शुक्रवार को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन
मलोया थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी सिमर खेरवाल के कब्जे से एक एसेंट कार, एक एक्सयूवी 500, एक स्विफ्ट मारुति कार, एक बुलेट, सेक्टर-52 में 20 लाख की कीमत का फ्लैट, पंजाब के मोहाली स्थित झामपुर में शाही एन्क्लेव में बना 20 से 25 लाख की कीमत का फ्लैट और करीब एक लाख रुपये की नकदी बरामद की है। सिमर ने कुछ दिन पहले ही मन्नत पूरी होने पर खाटू श्याम मंदिर राजस्थान में 8 लाख रुपये कीमत की 110 ग्राम सोने की चेन दान की थी। सिमर ने एजेंट रोहित को गिफ्ट में वरना गाड़ी दी थी। रोहित से सोने का कड़ा (50 ग्राम), सोने की चेन व लॉकेट (20 ग्राम), करीब 10 तोला सोना, 3 लाख रुपये नकद, झामपुर में 20 लाख की ठगी की रकम से खरीदा गया फ्लैट, मुत्थूट फाइनेंस सेक्टर-37 ब्रांच में रखा गया 50 ग्राम सोना बरामद किया गया है।
पुलिस अब आरोपी ठेकेदार और रोहित के परिजनों व बहन-बहनोई समेत अन्य के बैंक खातों की जानकारी खंगाल रही है। इसके लिए बैंक से पत्राचार भी शुरू कर दिया गया ह जबकि दोनों आरोपियों के परिजनों के खातों को सीज करवाया जा रहा है ताकि ट्रांजेक्शन न हो सके।
करीब डेढ़ करोड़ रुपये सैलरी में बांट चुका है ठेकेदार
जांच में यह भी बात भी सामने आई कि ठेकेदार ने काम पर रखे गए कर्मचारियों को करीब डेढ़ से पौने दो करोड़ रुपये की सैलरी भी दी थी। हालांकि कर्मचारियों की 5 से 6 महीने से सैलरी नहीं मिल रही थी। करीब एक सप्ताह पहले ही लोगों ने सैलरी के लिए ठेकेदार को परेशान करना शुरू कर दिया था और उसे 450 से 500 कर्मचारियों को एक महीने की सैलरी के लिए करीब 90 लाख रुपये देने थे। उससे पहले ही लोगों ने हंगामा कर मामले का भंडाफोड़ कर दिया।
गिरफ्तार जेई एक दिन के पुलिस रिमांड पर
मामले में पुलिस ने जब आरोपी ठेकेदार की कॉल डिटेल खंगाली तो उसमें बागवानी विभाग के जेई मनोहर लाल का नाम सामने आया। मलोया थाना पुलिस ने जेई को भी गिरफ्तार कर लिया। जब उससे पूछताछ हुई तो उसने भी कई खुलासे किए। बताया कि ठेकेदार ने उसे थोड़े-थोड़े कर करीब 35 से 40 हजार रुपये दिए हैं। जेई के पास विभाग की ओर से धनास व मलोया के पार्कों के रखरखाव करवाने का जिम्मा था और ठेकेदार ने जेई के साथ ही सेटिंग कर उसके क्षेत्र में सफाई कर्मियों को काम पर रखा था। पुलिस ने आरोपी जेई को अदालत में पेश कर उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है।
अब तक की जांच में आरोपियों से करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति और चार लग्जरी गाड़ियां व गहने बरामद हुए हैं। आरोपी जेई को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपी ठेकेदार विदेश भागने की फिराक में था, लेकिन हमने उसे गिरफ्तार कर लिया। - जसपाल सिंह, एसएचओ मलोया थाना