Zirakpur News: रिश्वत मामले में जेल में बंद पूर्व AIG आशीष कपूर के खिलाफ नई FIR, जमानत याचिका भी खारिज
जानकारी के अनुसार विजिलेंस ने छह अक्तूबर 2022 को कपूर को गिरफ्तार किया था। उन पर 2018 में जालसाजी और धोखाधड़ी केस में दो महिलाओं को राहत देने के बदले उनसे चेक साइन करवाकर एक करोड़ रुपये बैंक से निकलवाने का आरोप था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एक करोड़ रुपये रिश्वत लेने के मामले में जेल में बंद पूर्व सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) आशीष कपूर अब एक नई मुसीबत में फंस गए हैं। उनका एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह जीरकपुर थाने में एक महिला को थप्पड़ मार रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद अदालत ने उनकी जमानत याचिका रद्द कर दी है। वहीं, अदालत के निर्देश पर जीरकपुर पुलिस ने एक नई एफआईआर पूर्व सहायक पुलिस महानिरीक्षक आशीष कपूर, मोतिया ग्रुप के डायरेक्टर हेम राज मित्तल और ढकोली के रहने वाले लवलीश गर्ग के खिलाफ दर्ज की है।
महिला के वकील ने इस वीडियो को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में पेश किया था। सोमवार को कपूर की मोहाली कोर्ट में जमानत याचिका लगी थी जिस पर अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा था। वीडियो सामने आने के बाद जमानत याचिका रद्द कर दी गई थी। बता दें कि महिला द्वारा दी शिकायत में पुलिस के कुछ अन्य उच्चाधिकारियों के नाम भी आए हैं। इस बारे में पुलिस का कहना है कि अभी जांच चल रही है। इस मामले में अब तक जिनकी शमूलियत सामने आई है उन पर केस दर्ज कर लिया है और अगर अन्य लोगों पर भी आरोप साबित होते हैं तो उनके नाम भी एफआईआर में दर्ज किए जाएंगे।
महिला का आरोप- कपूर ने जेल में उससे बनाए थे संबंध
महिला ने आरोप लगाया था कि कपूर ने ही मई 2018 में उसे जीरकपुर थाने में झूठे इमिग्रेशन केस में फंसाया था। कपूर उस समय अमृतसर में जेल सुपरिंटेंडेंट थे और जब वह जेल में आई तो उन्होंने जेल में अपने पद का फायदा उठाते हुए उससे संबंध बनाए। जब उसके गर्भवती होने की बात कपूर को पता चली तो उसकी जमानत करवा दी गई ताकि इस बात का खुलासा न हो कि जेल में उससे संबंध बनाए गए हैं। इतना ही नहीं, वह किसी को भी यह बात न बताए इसके लिए कपूर ने उसे अपने क्रेडिट और डेबिट कार्ड भी दे रखे थे। इन कार्डों की मदद से उसने लाखों रुपये की खरीदारी की थी।
अक्तूबर 2022 से जेल में बंद हैं कपूर
जानकारी के अनुसार विजिलेंस ने छह अक्तूबर 2022 को कपूर को गिरफ्तार किया था। उन पर 2018 में जालसाजी और धोखाधड़ी केस में दो महिलाओं को राहत देने के बदले उनसे चेक साइन करवाकर एक करोड़ रुपये बैंक से निकलवाने का आरोप था। विजिलेंस ने इस मामले में डीएसपी इंटेलिजेंस पवन कुमार और एएसआई हरजिंदर सिंह को भी नामजद किया था।