{"_id":"7eb96ddc9bb56ff2a29ba681708447fc","slug":"murder-of-old-man-due-to-stopping-for-drink-wine-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बुजुर्ग ने शराब पीने से मना किया तो उड़ा दिया भेजा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
बुजुर्ग ने शराब पीने से मना किया तो उड़ा दिया भेजा
ब्यूरो/अमर उजाला, सिवानी मंडी
Updated Sat, 05 Dec 2015 09:24 PM IST
विज्ञापन
बुजुर्ग ने घर पर आए व्यक्ति को शराब पीने से मना किया तो उसने उसका भेजा उड़ा दिया। वारदात सिवानी मंडी में अंजाम दी गई। गांव ढाणी रामजस में खाना खाने के बाद अपने कमरे में आराम कर रहे एक वृद्ध किसान को बैठक में आए एक आदमी को शराब पीने से मना करने पर अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया।
विज्ञापन
गुस्साए आदमी ने पिस्टल किसान की कनपटी पर तान दी और गोली चलाकर उसकी हत्या कर दी। मौके पर मौजूद मृतक के भतीजे ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन पिस्तौल के बल पर वह भागने में कामयाब हो गया। अचानक दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार गांव ढाणी रामजस का पृथ्वी सिंह श्योराण शनिवार को घर में अपनी बैठक में खाना खाने के बाद चारपाई पर आराम कर रहा था। पास में ही उसका भतीजा विजयपाल भी वहां मौजूद था।
विज्ञापन
इसी बीच ढाणी रोड पर अपने खेतों में रहने वाला बलबीर भाकर हाथ में शराब की बोतल लेकर आया और पृथ्वी सिंह की बैठक में बोतल खोलकर पीनी शुरू कर दी। पृथ्वी सिंह ने इसका विरोध किया तो बलबीर को इतना गुस्सा आया कि उसने पिस्टल निकाली और वृद्ध की कनपटी पर तानकर गोली चला दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर मौजूद विजय ने बलबीर को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह भाग निकला। विजय ने शोर मचाया तो गांव वाले भी मौके पर जमा हो गए। गांव वालों ने आरोपी को कई जगह ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिला। सूचना मिलने के बाद सिवानी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और परिजनों व घटना के प्रत्यक्षदर्शी विजयपाल से पूछताछ की।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी बलबीर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी, लेकिन उसका कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
पहले भी कई लोगों को दे चुका है धमकी
ग्रामीणों के अनुसार बलबीर पिछले काफी समय से ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी दे रहा था। शराब के नशे में वह पहले भी जान से मारने की धमकियां देता रहा। ग्रामीणों ने शराब के नशे में समझकर उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। किसी को इस बात का अंदेशा नहीं था कि बलबीर कभी इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है। शनिवार को अचानक हुई इस वारदात से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
वारदात के बाद आरोपी बलबीर मौके से फरार हो गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिवानी भेज दिया है।
- श्याम सुंदर, जांच अधिकारी