दरवाजा खटखटा कर बोले- दोस्त हूं, फिर ताबड़तोड़ बरसा दी पांच गोलियां...पूरे परिवार में मातम
पंजाब के अमृतसर में एक युवक की घर के बाहर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। घटना अमृतसर के कोट खालसा इलाके की है। बाइक सवार दो नौजवानों ने युवक को घर के बाहर बुलाया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर परिजन बाहर आए और घायल बलविंदर सिंह को अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घर के बाहर पड़े पिस्तौल के पांच खोल बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार बलविंदर राजू चिकना गैंग के साथ जुड़ा रहा है। उसकी हत्या में उसी गैंग का हाथ तो नहीं है, पुलिस इसकी जांच कर रही है। बलविंदर की पत्नी ने बताया कि शुक्रवार रात 10 बजे बाइक सवार दो नौजवान घर के बाहर पहुंचे और घर का दरवाजा खटखटाया।
अंदर से पूछा गया कौन है, इस पर नौजवानों ने कहा कि वे बलविंदर के दोस्त हैं। जैसे ही बलविंदर ने घर का दरवाजा खोला, दोनों नौजवानों ने उस पर पांच गोलियां चलाई और फरार हो गए। बलविंदर के पेट में दो गोलियां लगी और वह फर्श पर गिर गया। एक गोली फ्रिज और दो गोलियां बाहरी दरवाजे पर लगी।
गोलियों की आवाज सुन बलविंदर की पत्नी और अन्य परिजन घर के गेट की तरफ भागे। आसपास के लोग भी बलविंदर के घर के पास जमा हो गए। इसके बाद बलविंदर को एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।