स्कूल में घुसकर छात्राओं से छेड़छाड़, कपड़े फाड़े
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना सदर क्षेत्र के गांव मंडौली के निजी स्कूल में स्वर्ण जाति के कुछ युवकों ने घुसकर तीन दलित छात्राओं से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने छात्राओं और उनके भाइयों के साथ मारपीट कर कपड़े फाड़ दिए। इसमें छात्राओं के दो भाइयों को चोटें आई हैं।
घटना का पता चलते ही छात्राओं के परिजन और गांव के दलित लोग भड़क गए। गुस्साए लोगों ने सदर थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया और जमकर हंगामा किया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।
पुलिस ने छह युवकों के खिलाफ मामला दर्जकर जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर शांत किया। समाचार लिखे जाने तक आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर थे।
क्षेत्र के एक गांव की तीन पीड़ित छात्राओं ने बताया कि वे निजी स्कूल में नौवीं और दसवीं कक्षा में पढ़ती हैं। सोमवार सुबह वे स्कूल आई थीं। साढ़े 11 बजे स्कूल की आधी छुट्टी हो रही थी और वे अपनी कक्षा में बैठी थीं। इसी दौरान चार-पांच बाहरी युवक स्कूल में घुस आए। उनके साथ स्कूल का एक 11वीं में पढ़ने वाला छात्र भी था।
आरोप है कि सभी युवक उनकी कक्षा में आ गए और आते ही उनके साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। छात्राओं ने बताया कि उन्होंने स्कूल में ही पढ़ने वाले अपने भाइयों को बुलाया।
आरोप है कि युवकों ने उन पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया और उनके कपड़े फाड़ डाले। अध्यापकों को आता देख आरोपी मौके से भाग हो गए। उन्होंने इसकी सूचना परिजनों को दी।
ट्रालियों में भरकर पहुंचे थाने और गेट पर खड़े होकर गरजे
घटना के बारे में पता चलते ही गांव के लोग और परिजन भड़क गए। दलित गांव से ट्रालियों में भरकर थाने पहुंचे। यहां लोगों ने थाने के मुख्य गेट के समक्ष थाने का घेराव कर लिया और जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने थाने में जमकर हंगामा किया।
महिलाओं ने इस दौरान पुलिस कर्मचारियों के साथ काफी बहस भी की। एक बार तो भड़के लोगों ने थाने के सामने नेशनल हाईवे 73 पर जाम लगाने का भी प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद कुछ मौजिज लोगों ने उन्हें समझाया।
घटना के बाद गांव में मचाया आरोपियों ने उत्पात: ग्रामीणों ने बताया कि जब परिजन थाने में शिकायत देने गए हुए थे तो 30-40 युवक बाइकों पर सवार होकर उनके गांव में घुस आए और लोगों के साथ मारपीट की। उन्होंने एक बाइक भी तोड़ दी।
सन्नी नाम के युवक की बाजू पर चाकू मार दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर नीचे गिर गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं गांव में जनरल स्टोर की दुकान करने वाले पवन ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठा था, आरोपियों ने उसकी टांग पर जोर से वार किए।
स्कूल आते जाते कई बार की छेड़छाड़: पीड़ित छात्राओं ने बताया कि उनका स्कूल गांव दुसानी और तिगरा के बीच में पड़ता है। आरोपियों ने पहले भी कई बार स्कूल में आते जाते उनके साथ छेड़छाड़ की। इस बारे में उन्होंने स्कूल में टीचर को कई बार बताया था, लेकिन उन्होंने कोई एक्शन नहीं लिया।
राजिंद्र सिंह, एसएचओ, थाना सदर यमुनानगर ने बताया कि मामले में तीनों छात्राओं के बयान के आधार पर आरोपी युवक सागर, कर्मवीर, अमन, सचिन, राकेश और विशाल पर छेड़छाड़, मारपीट और जातिसूचक शब्द बोलने के आरोप में मामला दर्जकर लिया है। सभी आरोपी नाबालिग हैं। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।