संदिग्ध हालात में झाड़ियों में मिला विधायक दौलतपुरिया के भतीजे का शव, हत्या की आशंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फतेहाबाद के इनेलो विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया के जवान भतीजे का खून से लथपथ शव संदिग्ध परिस्थितियों में हिसार रोड पर बने बिजली घर के पीछे झाड़ियों में पड़ा मिला है। वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने शव मिलने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। इसके बाद शहर थाने की एक टीम मौके पर पहुंची और उसने शव को अपने कब्जे में ले लिया।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय नरेश पुत्र बलवंत के रूप में हुई है। नरेश बुधवार सुबह 11 बजे के बाद से लापता था और गुरुवार सुबह उसका शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने शव पर चोट के निशान देखते हुए हत्या की आशंका जताई है जिसके चलते शहर पुलिस ने मृतक के भाई शीशराम की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या और शव को खुर्द-बुर्द करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार को विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया पार्टी के काम से शहर से बाहर थे और सूचना मिलते ही वह भी घर पर पहुंचे। हालांकि पुलिस को अंदेशा है कि ये मामला नशे की ओवरडोज का भी हो सकता है क्योंकि उसके पास जो जानकारी है, उसके अनुसार मृतक नरेश नशे का आदी था। नागरिक अस्पताल में मृतक के भाई शीशराम ने बताया कि उनके परिवार में दो-तीन दिन में एक समारोह आयोजित होना है।
इसके लिए हलवाई का पता करने को कहकर नरेश बुधवार सुबह 11 बजे के करीब घर से अपनी बाइक लेकर निकला था। लेकिन सारा दिन बीत जाने के बावजूद वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की। इस बीच सुबह जब वो घर पर बैठे थे तो पुलिस थाने से उन्हें फोन आया और एक शव की शनाख्त के लिए बुलाया गया।
जब वह मौके पर पहुंचे तो पाया कि शव उसके भाई नरेश का था और उसके शव पर चोटों के निशान थे। शीशपाल का आरोप है कि इसके अलावा भी उसके सारे शरीर पर घसीटने के भी निशान थे और पांव व हाथों की चमड़ी तक उतर गई थी। हालांकि उन्होंने किसी से कोई दुश्मनी या शक होने से भी साफ इंकार किया।
बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर से मिला घर का फोन नंबर
पुलिस टीम को जब लावारिस शव मिलने की सूचना मिली तो पुलिस ने पास खड़े बाइक नंबर को आरटीए दफ्तर में भेजा और इसके बाद उन्हें दौलतपुर का एड्रेस मिला। पुलिस को तब तक ये नहीं पता था कि मृतक इनेलो विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया का भतीजा था। इसके बाद पुलिस भी हरकत में आई और खुद एसएचओ ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
नशे का भी आदी था मृतक, इस एंगल से भी जांच करेगी पुलिस
सिटी एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने बताया कि पुलिस को पारिवारिक सूत्रों से जानकारी मिली है कि नरेश नशे का भी आदी था और बार-बार नशा करता रहता था। ऐसे में पुलिस अब इस मामले को मर्डर के साथ-साथ नशे की ओवरडोज से भी जोड़कर देख रही है और इस एंगल से भी जांच शुरू कर दी है। उनका कहना है कि मृतक युवक नशा करने का आदी था, इसलिए ओवरडोज के कारण मौत होने के एंगल से भी मामले की जांच की जाएगी।