video: साड़ी और दुपट्टे की ओट में बीच सड़क पर जन्मा बच्चा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीच सड़क पर नाबालिग लेटी हुई थी, खून बहता देख महिलाओं को उसकी हालत का पता चला और साड़ियों और दुपट्टे के ओट में नाबालिग ने बच्चे को जन्म दिया। मामला हरियाणा के रोहतक का है।
शनिवार को एक नाबालिग ने सड़क के बीचों बीच बच्चे को जन्म दिया। करीब एक घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस से जच्चा-बच्चा को पीजीआई के वार्ड दो में भर्ती कराया गया।
शहर के पुराना बस स्टैंड के समीप शाम पांच बजे पीली कोठी के पास सड़क पर एक नाबालिग लेटी हुई थी। वहां खेल रहे बच्चों ने घर जाकर परिजनों को इसकी सूचना दी। स्थानीय निवासी राकेश और उनकी पत्नी ने एंबुलेंस और 100 नंबर पर कॉल किया। महिला अंशुल पास की पुलिस चौकी भी गई।
वहीं मौके पर नियंत्रण कक्ष में फोन करने वाले एक व्यक्ति को जवाब मिला कि शहर की तीनों एंबुलेंस बाहर हैं। इसी बीच ज्यादा खून बहता देख लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर गली के आसपास खडे़ लोग एकत्रित होने लगे और कुछ महिलाओं ने स्थिति को देखते हुए साड़ियों व दुपट्टे से जच्चा के चारों और ओट बनाई।
मौके पर एक दाई ने डिलीवरी की प्रक्रिया पूरी की। नाबालिग ने एक बच्चे को जन्म दिया। शाम 6 बजे एंबुलेंस आई और जच्चा-बच्चा को पीजीआई ले गई। नवजात की हालत को गंभीर बताया गया है। वहीं बताया जा रहा है कि महिला कूड़ा उठाने वाली है।
बच्चा कमजोर, पीजीआई में जच्चा-बच्चा दाखिल
सड़क पर नवजात को जन्म देने वाली जच्चा नाबालिग दिखाई देती है। फिलहाल वह पीजीआई के वार्ड दो में और बच्चा आपातकालीन विभाग के कक्ष 11 में उपचाराधीन है। दोनों की अज्ञात में एंट्री कर हरिओम सेवा दल के सेवादारों के सुपुर्द कर दिया गया है।
डॉ. कुलदीप, उप सिविल सर्जन ने बताया कि जिले में 12 एंबुलेंस हैं, इनमें से तीन शहर में हैं। शनिवार सायं 5 बजे तीनों एंबुलेंस लाखन माजरा, रुड़की व भालौठ गई थी। भालौठ से आने वाली एंबुलेंस शहर में पहले पहुंची और उसने ले जाकर पीजीआई में जच्चा-बच्चा को दाखिल करवा दिया है। एंबुलेंस चालक ने बताया कि जाम में होने के चलते उसे मौके पर पहुंचने में देरी हुई थी।
स्थानीय वासी निशु ने बताया कि सरकारी सेवाओं का कोई लाभ नहीं है। आस-पास की महिलाओं ने जच्चा की मदद की। साफ कपड़े व अन्य समान भी महिलाओं ने जुटाया। 100, 102 व 1051 पर कॉल किया, लेकिन हर कॉल पर महज आश्वासन ही मिला।
स्थानीय नागरिक राजबीर सिंह ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की शिकायत उपायुक्त को दी जाएगी। एक के बाद एक सभी ने इस केस में दिलचस्पी नहीं दिखाई।
video देखने के लिए क्लिक करें:-