कार विवाद में भाभी के साथ किया खौफनाक कांड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लव मैरिज के बाद परिवार से अलग रह रहे दंपति द्वारा कुछ माह पहले खरीदी कार को लेकर बढ़े विवाद में विवाहिता (35) पर केरोसिन छिड़क आग लगा दी गई। झुलसी महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
उधर, पुलिस ने पति के बयान पर पीड़िता के ननंद-देवर पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। मामला थाना फर्कपुर के अंतर्गत आदर्श नगर का है, जहां के निवासी निर्मल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 35 वर्षीय बेबी के साथ उसका प्रेम विवाह हुआ था।
तब परिवार के लोगों द्वारा इस रिश्ते से एतराज करने पर वह बेबी के साथ कॉलोनी में ही अलग रहने लगा। वह ड्राइवरी का काम करता है और कुछ माह पहले उसने भाई राजेंद्र उर्फ विक्की और बहन प्रीति की मदद से कार खरीदी।
पड़ोसियों की मदद से पति ने पहुंचाया अस्पताल
आरोप है कि इसी कार को लेकर उपजे विवाद के चलते वीरवार को उसके घर पर आकर राजेंद्र व प्रीति ने मिलकर उसकी पत्नी बेबी पर मिट्टी का तेल छिड़क कर उसे आग लगा दी। तब वह घर के अंदर कमरे में सो रहा था। अचानक बेबी की चीख-पुकार सुन वह उठ गया।
मौके पर पहुंचकर किसी तरह बेबी के शरीर पर लगी आग को बुझाया और पड़ोसियों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। मामले की सूचना पाकर पहुंची थाना फर्कपुर पुलिस ने पति निर्मल के बयान पर आरोपी राजिंद्र व प्रीती के खिलाफ हत्या का प्रयास करने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
90 प्रतिशत झुलसी
मामले के जांच अधिकारी सलेंद्र कुमार का कहना है कि झुलसी महिला बयान देने की हालत में नहीं है। चिकित्सकों के मुताबिक शरीर 90 प्रतिशत से अधिक झुलस चुका है। पुलिस ने पीड़िता के पति के बयान पर केस दर्ज कर तफतीश शुरू कर दी है।