24.60 लाख की नकली करंसी बरामद, एक गिरफ्तार, एक फोन कॉल और लालच ने कहां-से कहां पहुंचाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस ने 24 लाख 60 हजार रुपये के नकली नोटों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बारह मोहल्ला निवासी रोहित उर्फ रमन ने नोटों की गड्डियां अपनी स्कूटी में छिपा रखी थीं। उसने गुरुवार को पंजाब के किसी अज्ञात व्यक्ति से नकली नोटों की इस खेप की डिलिवरी ली थी, जिसे आगे चलाना था। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया और तीन दिन के रिमांड पर हासिल किया।
शहर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें शहर में नकली करंसी होने की गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर गुरुवार रात करीब साढ़े 12 बजे सेक्टर-14 के गेट नंबर-2 से एक व्यक्ति को स्कूटी सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान बारह मोहल्ला हिसार निवासी रोहित उर्फ रमन के रूप में हुई।
उसकी पंजाब रजिस्ट्रेशन नंबर की स्कूटी की तलाशी ली गई तो उसमें से नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। स्कूटी से 38 गड्डियां 500-500 रुपये के नोटों की थीं, जबकि 28 गड्डियां 200-200 रुपये के नोटों की बरामद हुईं। कुल 24 लाख 60 हजार रुपये के नोटों और स्कूटी को कब्जे में लेते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रोहित मार्केट में चला चुका 10 हजार के नकली नोट, कुल कीमत का आधा हिस्सा लेना था तय
आरोपी रोहित उर्फ रमन ने पुलिस को बताया कि यह नकली नोट उसने पंजाब के रहने वाले एक व्यक्ति से लिए थे। उसका नाम बलविंदर हो सकता है, लेकिन उससे केवल फोन पर ही बातचीत होती थी। वह गुरुवार को उसे हिसार आकर डिलीवर कर गया था।
इससे पहले बलविंदर ने रोहित को ट्रायल के तौर पर 10 हजार रुपये के नकली नोट दिए थे, जिन्हें रोहित ने मार्केट में चला दिया था। इसके बाद दोनों के बीच नकली नोटों की बड़ी खेप चलाने का सौदा हुआ। रोहित ने बताया कि दोनों के बीच कुल कीमत का आधा-आधा हिस्सा लेना तय था। गुरुवार रात को बलविंदर एडवांस के तौर पर उससे 15 हजार रुपये लेकर और नकली करंसी देकर वापस चला गया था।
कपड़े की दुकान पर काम करता था रोहित
आरोपी रोहित उर्फ रमन एक वर्ष पहले तक राजगुरु मार्केट स्थित एक कपड़े की दुकान पर नौकरी करता था। किसी कारण से उसने यह नौकरी छोड़ दी और बेरोजगार हो गया। बेरोजगारी और लालच के चलते वह गलत लोगों के संपर्क में आया और नकली नोट चलाने के इस कारोबार में घुस गया। बताया जा रहा है कि उसने इतनी संख्या में पहली बार ही नोटों की डिलिवरी ली थी, लेकिन उन्हें चलाने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
फोन मांगने वाले ने कराई बलविंदर से बातचीत शुरू
रोहित ने बताया कि करीब एक माह पहले उससे किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन करने के लिए मांगा। उसने उसे फोन दे दिया लेकिन उसके बाद उसके फोन पर उसी नंबर से कई बार कॉल आने लगी, जो पंजाब के बलविंदर का था। बातचीत शुरू होने के बाद धीरे-धीरे में उनमें नकली नोट को लेकर भी बातचीत हुई, लालच में जिन्हें चलाने के लिए वह राजी हो गया।
आरोपी रोहित का तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। रिमांड अवधि में उससे पंजाब के बलविंदर और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल की जाएगी। साथ ही वह ये नोट कहां चलाने वाला था, इसके बारे में भी पूछताछ की जाएगी। - एएसआई विनोद कुमार, प्रभारी, शहर थाना।