Ludhiana: 250 वारदात करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 12 आरोपी गिरफ्तार, तीन बाइक और 227 मोबाइल बरामद
लुधियाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शहर में 250 वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 227 मोबाइल, तीन बाइक और तेजधार हथियार मिले हैं। आरोपियों से मोबाइल खरीदने वाले दुकानदार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रवासी मजदूरों और राहगीरों से देर रात को चोरी के बाइक पर सवार होकर लूटपाट करने वाले 12 आरोपियों को कमिश्नरेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लूट की मोटरसाइकिलों पर महानगर के अलग-अलग इलाकों में करीब 250 वारदातों को अंजाम दिया है। लूट के मोबाइल फोन खरीदने वाले दुकानदार को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 227 मोबाइल फोन, चोरी की तीन मोटरसाइकिल और तेजधार हथियार बरामद किए हैं।
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (ग्रामीण) जसकिरणजीत सिंह तेजा ने बताया कि पुलिस को सूचनी मिली थी कि आरोपी इलाके में हथियारों के बल पर चोरी की बाइक पर सवार होकर लूटपाट करते हैं। आरोपियों ने चोरी की बाइक पर नंबर भी गलत लगाया है। आरोपी देर रात को प्रवासी मजदूरों को या फिर अकेले जा रहे राहगीर से अंधेरे में वारदात करते थे। वह पिछले काफी समय से वारदातों को अंजाम देने में जुटे है।
पुलिस ने सूचना मिलने के बाद अलग-अलग इलाकों से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी लूटपाट के बाद सभी मोबाइल फोन गुरमीत सिंह गोरा के पास ले आते थे। वह उसे सस्ते भाव में बेच कर नशापूर्ति करते थे और ऐशो-आराम में पैसा उड़ा देते थे।
आरोपी गुरमीत गोरा आईएमईआई नंबर बदल दिल्ली में बेचता था मोबाइल
जेसीपी जसकिरणजीत सिंह तेजा ने बताया कि आरोपी गोरा काफी शातिर दिमाग का है। आरोपी राहगीरों से लूटे हुए मोबाइल फोन खरीदता था। इसके बाद आरोपी उसके आईएमईआई नंबर बदल देता था। इसके बाद वह मोबाइल फोन इकट्ठा कर उसे दिल्ली के अलग-अलग बाजारों में बेच देता था। आरोपी लुटेरों से सस्ते भाव में लेता था और उसे दिल्ली की मार्केट में महंगे भाव में बेच देता था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी और लूटपाट के मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
इनके खिलाफ केस
मामले में ताजपुर रोड इंद्रापुरी निवासी रमेश कुमार बब्बी, जतिंदर कुमार उर्फ सोनू, बस स्टैंड के पास मंजीत नगर निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू, अमृतसर निवासी राहुल मैणी, गांव ताजपुर स्थित पारस कालोनी निवासी सुमित, भामियां कलां स्थित गुरु नानक नगर निवासी अभिषेक जायसवाल, ग्यासपुरा 33 फुटा रोड निवासी धीरज कुमार, सुआ रोड स्थित जसपाल कालोनी निवासी प्रशांत शर्मा, ग्यासपुरा लक्ष्मण नगर निवासी बीसप्रीत सिंह टिब्बा रोड निवासी आकाश वर्मा, लोहारा की गुरबचन कालोनी निवासी पवन कुमार और मोबाइल फोन खरीदने वाले गुलाटी टेलीकॉम ताजपुर रोड के मालिक और ताजपुर रोड स्थित विश्वकर्मा नगर निवासी गुरमीत सिंह उर्फ गोरा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।