बुजुर्ग महिला और नौकरानी को बंधक बनाया, 45 हजार की नकदी व मोबाइल ले गए बदमाश
मोगा के कस्बा बाघापुराना में दिनदहाड़े दो बदमाशों ने एक घर में घुसकर बुजुर्ग महिला व उनकी नौकरानी को बंधक बनाया और घर से 45 हजार की नकदी व मोबाइल लेकर फरार हो गए। घर में घुसने और बाहर निकलते वक्त दोनों बदमाश गली में लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। हादसे के बाद शिकायत मिलने पर जब पुलिस ने जांच शुरू की तो घर की नौकरानी से की गई पूछताछ में पुलिस ने एक बदमाश की पहचान कर ली। दो लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्जकर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना बाघापुराना के सब इंस्पेक्टर मनजिंदर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता राज कुमार निवासी पुरानी डाकखाने वाली गली बाघापुराना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कस्बे में उसकी मोबाइल रिपेयर की दुकान है। उसकी पत्नी प्राइवेट स्कूल में शिक्षक है। इसके चलते उनके घर में दिन में उनकी मां सुनीता अकेली ही होती है। कुछ दिन पहले शिकायतकर्ता की मां का आंखों का ऑपरेशन हुआ था।
इसके बाद उन्होंने घर में मां की देखरेख के लिए एक लड़की को बतौर नौकरानी रखा था। लड़की को अभी करीब आठ दिन ही हुए थे। 29 जनवरी की सुबह करीब साढे़ 11 बजे जब उनके घर में उसकी मां और नौकरानी थी तो इस दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुस आए।
इस दौरान दोनों व्यक्तियों ने 12 बोर बंदूक दिखाकर उसकी मां और नौकरानी को घर में बंधक बनाया। घर से 45 हजार की नकदी व एक मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए। घटना को अंजाम महज 20 मिनट में दिया गया। इसके बाद जब नौकरानी ने किसी तरह से शिकायतकर्ता को सूचना दी तो पुलिस को शिकायत कर दी गई।
पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच में पाया कि शिकायतकर्ता की मां ठीक तरह से देख नहीं सकती तो संदेह के आधार पर पुलिस ने नौकरानी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उक्त दो बदमाशों में से एक का नाम भजन था और वह मोगा का रहने वाला था। दूसरे व्यक्ति के बारे में वह नहीं जानती है।
पुलिस ने फिलहाल भजन और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्जकर लिया है। अभी जांच की जा रही है। जांच अधिकारी का कहना है कि फिलहाल अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। भजन की गिरफ्तारी के बाद ही पूरा मामला साफ हो सकेगा। वहीं जांच अधिकारी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों के चेहरे साफ नहीं दिख रहे हैं फिर भी जल्द ही मामले की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।