Ludhiana News: गैंगस्टर सुक्खा बाड़ेवालियां हत्याकांड के मुख्य गवाह की गोली मारकर हत्या, साथी की हालत नाजुक
पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है। टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। सूरज प्रकाश उर्फ बब्बू गैंगस्टर सुक्खा बाड़ेवालियां हत्याकांड में मुख्य गवाह था। हथियारबंद युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसकी जान ली है। उसका साथी गुरप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
लुधियाना के हंबड़ा रोड स्थित पंजपीर रोड के पास सोमवार की देर रात इलाका गोलियों की आवाज से दहल उठा। हथियारबंद युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर गैंगस्टर सुक्खा बाड़ेवालियां हत्याकांड के मुख्य गवाह सूरज प्रकाश उर्फ बब्बू को मौत के घाट उतार दिया, जबकि उसके साथी गुरप्रीत को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पंजपीर रोड मोड़ पर स्थित ठेके पर आरोपियों ने दोनों को बात करने बुलाया था। वहां कहासुनी हुई तो दोनों को गोलियों से भून दिया। सूरज प्रकाश उर्फ बब्बू मई 2023 में हैबोवाल इलाके में रोहित मल्होत्रा उर्फ ईशु के घर गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह उर्फ सुक्खा बाड़ेवालियां की गोलियां मारकर हत्या करने के मामले में मुख्य गवाह था।
बताया जाता है कि जिन आरोपियों ने हत्याकांड को अंजाम दिया है, वह भी रोहित मल्होत्रा उर्फ ईशू और गोपाल महाजन के साथी हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आस-पास के लोगों की मदद से घायल गुरप्रीत को निजी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। पुलिस ने इस मामले में बाड़ेवाल निवासी विक्की, काला, बवन, जगतपुरी निवासी डेविड और प्रताप सिंह वाला निवासी हरदीप सिंह उर्फ घुग्गू के साथ-साथ अन्य के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
जानना जरूरी है कि हैबोवाल इलाके में रोहित मल्होत्रा उर्फ ईशू का गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह उर्फ सुक्खा बाड़ेवालियां के साथ विवाद था। सुक्खा बाड़ेवालियां ईशू के घर मामला सुलझाने गया था। वहां कहासुनी के दौरान ईशू और गोपाल ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में सूरज प्रकाश उर्फ बब्बू मुख्य गवाह था।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर सिटी (जेसीपी) सोहेल कासिम मीर ने बताया कि आरोपियों की पहचान काफी मुश्किल से की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी तक की जांच में पता चला है कि दोनों आरोपियों से बात करने आए थे। बात करते वक्त कहासुनी हुई और आरोपियों ने दोनों को गोली मार दी। जेसीपी ने बताया कि घायल गुरप्रीत की हालत काफी गंभीर है। आरोपियों की तलाश में टीमें बना दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।