कैथल पुलिस की जालंधर में दबिश, फगवाड़ा गेट पर चलाई गोली, दो अपराधी दबोचे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के कैथल पुलिस की सीआईए शाखा ने बुधवार को जालंधर के फगवाड़ा गेट पर गोली चलाकर दहशत फैला दी। हरियाणा पुलिस की टीम जालंधर पुलिस को सूचना दिए बगैर आई और दो अपराधियों को काबू करने के लिए उनकी कार के टायर में गोली मार दी।
बाजार में खासी दहशत फैल गई। पहले तो यह आशंका हुई कि बदमाशों ने किसी का अपहरण कर लिया है। जिसके बाद भारी तादाद में पुलिस बल फगवाड़ा गेट पहुंच गया और घेराबंदी कर दी लेकिन बाद में डीसीपी गुरमीत सिंह ने स्पष्ट किया कि यह अपहरण नहीं बल्कि कैथल पुलिस का छापा था, जिसमें दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें- पाक युवती बोली- मोदी जी! बॉर्डर खोल दीजिए, शादी करनी है मुझे, लोग अब ताने मारने लगे हैं
घटना दोपहर तीन बजे की है। अचानक सादी वर्दी में युवकों ने एक कार के टायर में गोली मारी और उसमें सवार दो युवकों को उठाकर फरार हो गए। इसकी सूचना मिलते ही जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके कुछ समय बाद डीसीपी जांच गुरमीत सिंह ने बताया कि मामला कैथल पुलिस से जुड़ा है।
कैथल पुलिस को एक अपराधी अजय पुत्र राम प्रकाश निवासी कैथल की तलाश थी। उसके खिलाफ कैथल में विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं और 2016 में अजय जेल से छुट्टी पर आया था लेकिन वह पैरोल के बाद जेल नहीं गया। कैथल पुलिस अजय की तलाश कर रही थी। इस बीच कैथल पुलिस को पता चला कि अजय जालंधर में छिपा है।
बुधवार दोपहर को कैथल पुलिस की सीआईए शाखा के विजय कुमार अपनी टीम के साथ जालंधर पहुंचे और कॉल ट्रेस कर फगवाड़ा गेट में अजय कुमार पुत्र राम किशन निवासी कैथल को घेर लिया। पुलिस ने उसकी कार के टायर पर गोली मारी। कार में सवार अजय व उसके साथी कमलजीत सिंह पुत्र मंजीत सिंह निवासी जालंधर को भी काबू कर लिया। कमलजीत सिंह ने अजय को अपने पास पनाह दे रखी थी। कैथल पुलिस दोनों को हरियाणा ले गई है।
वहीं डीसीपी गुरमीत सिंह ने कहा कि कैथल पुलिस ने नियमों का उल्लंघन किया है। छापा मारने से पहले जालंधर पुलिस को सूचना नहीं दी गई। जालंधर के कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने इसकी पूरी जानकारी डीजीपी दिनकर गुप्ता को दी है।