{"_id":"ead357101368a0ee30eb319902831729","slug":"jewelry-and-cash-theft-in-former-administrators-granddaughter-s-marriage-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पूर्व प्रशासक की पोती की शादी में नगदी सहित लाखों के गहने चोरी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
पूर्व प्रशासक की पोती की शादी में नगदी सहित लाखों के गहने चोरी
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
Updated Wed, 17 Feb 2016 12:27 AM IST
विज्ञापन
अरोमा होटल से पंजाब के पूर्व गवर्नर एवं चंडीगढ़ के प्रशासक बीकेएन छिब्बर की पोती की शादी समारोह के दौरान डेढ़ लाख की नगदी सहित लाखों के गहने चोरी हो गए।
विज्ञापन
यह वारदात सेक्टर-22 स्थित अरोमा होटल में मंगलवार दोपहर करीब चार बजे हुई। पुलिस को इस मामले की शिकायत बीकेएन छिब्बर की बहू रंजू छिब्बर ने दी। इसकी सूचना मिलते ही कार्यकारी थाना प्रभारी रंजीत सिंह और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
जानकारी देते हुए रंजू छिब्बर ने बताया कि 16 फरवरी को उनकी बेटी की शादी थी। शादी समारोह का आयोजन अरोमा होटल में किया गया था। उन्होंने बताया कि इस दौरान मंगलवार को पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा दोपहर दो बजे शुरू हुई जो शाम चार बजे खत्म हो गई।
विज्ञापन
रंजू ने बताया कि पूजा के बाद उनका पर्स गायब था। आसपास तलाशने के बाद उन्होंने घर के सदस्यों से इस बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी को पर्स के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि पर्स में करीब चार लाख के गहने और पौने दो लाख नगद रखे थे। इसके अलावा समारोह में आने वाले मेहमानों द्वारा दिए गए लिफाफे भी उसी बैग में रखे थे। उनका चंडीगढ़ सेक्टर-45 में फ्लैट है।
14 फरवरी से रुकी हैं अरोमा में
रंजू छिब्बर ने बताया कि वह 14 फरवरी से अरोमा होटल में रुकी हैं। वह अरोमा स्थित ग्राउंड फ्लोर के रूम नंबर-106 में ठहरी थीं। लेकिन, उसी रात बगल के कमरे से दंपति की लड़ाई और चिल्लाने की आवाज आने लगी।
इसके बाद उन्होंने होटल स्टाफ और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने होटल स्टाफ को शांतिपूर्ण माहौल बनाने का आदेश दिया। इसके बाद होटल स्टाफ ने उन्हें दूसरी मंजिल पर रूम नंबर-2005 में शिफ्ट करवा दिया।
अज्ञात नाबालिग बच्चे पर शक
रंजू छिब्बर ने बताया कि पूजा के दौरान की गई फोटोग्राफी में एक नाबालिग लड़का दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि उस लड़के के बारे में किसी को जानकारी नहीं है। उन्होंने शक जताया कि शायद उसी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस नाबालिग की फोटो लेकर मामले की जांच कर रही है।
शादी में शरीक होने आए थे पूर्व गवर्नर
दुल्हन की मां रंजू छिब्बर ने बताया कि उनके ससुर व पूर्व गवर्नर बीकेएन छिब्बर दोपहर में शादी में शरीक होने आए थे। वह वर्ष 1994 से 1999 तक पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक रह चुके हैं। रंजू ने बताया कि वह बंगलुरू स्थित यूनियन बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने घटना की लिखित शिकायत सेक्टर-17 थाना पुलिस को दी हैं।