कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल हत्याकांड: दो शार्प शूटर समेत पांच गिरफ्तार, तीन पुराने कत्ल के राज भी खुले
पुलिस ने आरोपियों से सात पिस्तौल भी बरामद की है। उन्होंने कहा कि पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है और जल्द ही मुख्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल की हत्या मामले में दो शार्प शूटर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें मुख्य शूटर और उन्हें हथियार व रुपये उपलब्ध कराने वाले आरोपी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल गुरुग्राम के शूटर विकास माहले ने तीन और हत्या की बात कबूली है। पुलिस का दावा है कि विकास ने ही जून 2021 में जालंधर के ट्रांसपोर्टर और पूर्व पार्षद सुखमीत सिंह डिप्टी, जनवरी 2022 में मनप्रीत भल्ला और मनप्रीत विक्की की हत्या की थी।
एसएसपी स्वप्न शर्मा ने बताया कि पकड़े गए लोगों में हरविंदर फौजी (बुलंदशहर यूपी), गुरुग्राम (हरियाणा) का विकास माहले, विकास धौलिया, अलवर (राजस्थान), मनजोत कौर, संगरूर पंजाब, यादविंदर सिंह पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 पिस्तौल और तीन वाहन बरामद किए हैं। पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें मुख्य आरोपी पुनीत अब भी फरार है।
फौजी ने बुना था हत्याकांड का ताना-बाना
पुलिस के मुताबिक हरविंदर सिंह फौजी ने शॉर्प शूटर विकास मल्हे और सचिन धूलिया को वाहन, हथियार, सेफ हाउस, हथियार चलाने की ट्रेनिंग और रुपये मुहैया कराए थे। वारदात को अंजाम देने के लिए पूरी रेकी हरविंदर ने की थी। विकास ने सचिन को हत्याकांड के लिए हायर किया था। फौजी ने विकास मल्हे के साथ मिलकर सचिन धूलिया को हथियार चलाने के लिए ट्रेंड किया था। मनजोत कौर ने शूटरों को घर में पनाह दी थी। पांचवें आरोपी यादविंदर सिंह ने हत्याकांड में बिचौलिए का काम किया था। फौजी पर हरियाणा और पश्चिमी यूपी के अलग-अलग जिलों में कत्ल हथियारबंद डकैती जबरन वसूली के साथ 21 मामले दर्ज हैं। और कई मामलों में अदालत ने उसे भगोड़ा करार दिया हुआ है।
गैंगस्टरों ने खोले थे हत्या के राज
पंजाब पुलिस ने फतेह सिंह उर्फ युवराज निवासी संगरूर, हरियाणा निवासी कौशल चौधरी और अमित डागर, सिमरनजीत सिंह उर्फ गैंगस्टर को अलग-अलग जेलों से रिमांड पर लिया। चारों ने बताया कि सनोवर ढिल्लों (मूल निवासी अमृतसर) ब्रैंपटन (ओंटारियो, कनाडा में रहता है) इस हत्याकांड में शामिल है।
वह कैनेडियन सैथ टीवी और रेडियो शो का निर्माता और निर्देशक है। सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा दूनेके उर्फ सुख सिंह मूल निवासी गांव दूनेके (मोगा) फिलहाल निवासी कनाडा समेत जगजीत सिंह उर्फ गांधी निवासी डेहलों (मूल निवासी लुधियाना) मलेशिया ने ही अंबिया को मारने के लिए सुपारी दी थी। संदीप नंगल की वजह से ढिल्लों की खेल फेडरेशन को नुकसान हो रहा था, इसलिए उसने संदीप को मरवाया था। 14 मार्च को नकोदर के गांव मल्लियां कलां में चल रहे कबड्डी मैच के दौरान इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।
सुखमीत सिंह डिप्टी की हत्या का भी राज खुला
एसएसपी स्वप्न शर्मा ने बताया कि हरियाणा के गुरुग्राम से खूंखार गैंगस्टर विकास दहिया उर्फ विकास माहले ने पूछताछ में बताया कि जालंधर के पार्षद सुखमीत उर्फ डिप्टी और बठिंडा में कुलवीर नरुआणा गैंग के मनप्रीत भल्ला व विक्की की हत्या भी उसी ने की थी। उसने बठिंडा में हत्याएं बंबीहा ग्रुप के कहने पर की थी। ये कत्ल संगरूर के एक गैंगस्टर फतेह नगरी की गिरफ्तारी का बदला लेने के लिए किए गए थे। मनप्रीत भल्ला ने कथित तौर पर पुलिस को कुलबीर नरूआना हत्याकांड में फतेह नगरी की भूमिका के बारे में सूचित कर दिया था, जबकि डिप्टी की हत्या सुपारी लेकर की थी।