महिला को बंधक बनाकर घ्ार में जेवर समेत 25 लाख की लूट
एनआरआई परिवार की महिला को घर में बंधक बनाकर 6 नकाबपोश लुटेरों ने घर में रखे जेवर और नकदी समेत 25 लाख रुपये लूट ले गए। वारदात पंजाब के होशियारपुर के गांव चोहाना में बुधवार रात को घटी।
छह डकैत महिला को बंधक 100 तोले सोना, ढाई लाख रुपये की नगदी और चार हजार अमेरिकी डालर लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार नकाबपोश डकैत रात लगभग 11 बजे दलजीत कौर पत्नी स्व. भगवान सिंह के घर में दाखिल हुए।
लुटेरों ने दलजीत कौर से मारपीट कर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने अलमारी तोड़कर उसमें रखा 100 तोले सोना, ढाई लाख रुपये और 4 हजार अमेरिकी डॉलर लूट लिए।
बैंक से निकालकर घर में जेवर रखी थी महिला
सुबह महिला कमरे की खिड़की तोड़कर बाहर निकली और ग्रामीणों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। डीएसपी कर्णवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने डाग स्कवायड और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों की टीम की मदद से जांच शुरू की। शुरुआती जांच के मुताबिक यह काम किसी भेदी का ही हो सकता है।
दलजीत कौर के दो बेटे और बेटी अमेरिका में रहते हैं। वह खुद भी 24 अगस्त को अपनी बहू गुरप्रीत कौर और पोती एकनूर के साथ अमेरिका जा रही हैं।
बुधवार को ही बेगोबाल बैंक से सोना और नगदी निकाली थी। उनकी बहू कल ही अपने माता-पिता के पास गई हुई थी और वह घर में अकेली थीं। पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज कर लिया है।