हिमाचल के खेल मंत्री की पत्नी का ढाई लाख की नकदी, गहनों से भरा बैग चोरी, ऐसे वारदात को दिया अंजाम
चंडीगढ़ के सेक्टर-8 की मार्केट से हिमाचल प्रदेश के खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की पत्नी का कार से 2.50 लाख नगदी और लाखों रुपये के गहनों से भरा बैग चोरी हो गया। चोरी की वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब उनका ड्राइवर कार में बैठा था। इसी बीच शातिर ने दस-दस का नोट गिरने का झांसा देकर वारदात को अंजाम दिया। बैग नहीं मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर ड्राइवर से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-8 स्थित हेडमास्टर सैलून के पास पार्किंग में खड़ी एक कार से लाखों की नगदी और गहने चोरी हो गए हैं। सूचना पर पीसीआर समेत सेक्टर-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि मनाली के गांव सिमसा निवासी शिकायतकर्ता रजनी ठाकुर हिमाचल प्रदेश के खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की पत्नी हैं।
पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि वह चंडीगढ़ किसी काम से आई हुई थी। वह सेक्टर-27 स्थित हिमाचल भवन में ठहरी हुई थी। वह बीते दोपहर को कार से सेक्टर-8 स्थित हेडमास्टर सैलून में आई। इस दौरान कार (एचपी66-0001) को ड्राइवर ने पार्किंग में खड़ी कर दी। सैलून से करीब चार घंटे बाद वापस हिमाचल भवन पहुंचीं।
वहां जाकर पता चला कि कार में रखा बैग गायब है। बैग में 2.50 लाख रुपये नगदी, मेटल नेकलेस और कुछ जरूरी कागजात थे। इसके बाद पुलिस टीम ने ड्राइवर से पूछताछ कर जांच आगे शुरू की। ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि वह कार में बैठा था, इस दौरान उसके पास एक युवक आकर बोला कि बोनट के पास दस-दस के 4 से 5 नोट गिरे हैं। वह कार से नीचे उतरकर नोट उठाने लगा, तभी पलटकर देखा तो वहां खड़ा युवक गायब है। पुलिस को ड्राइवर ने बताया कि उन सभी नोटों को उसने एक मांगने वाली महिला को दे दिए।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप है। पुलिस सूत्रों के अनुसार एक ओर पुलिस के शक की सुई ड्राइवर की ओर भी घूम रही है, जबकि दूसरी तरफ पुलिस आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुट गई है ताकि आरोपी की जल्द से जल्द पहचान हो सके। वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरोह है सक्रिय
नोट गिरने का झांसा देकर बैग चोरी करने का मामला चंडीगढ़ के अलग-अलग सेक्टरों में कई बार देखने को मिला है। बीते कुछ साल से शातिर वारदात को अंजाम देते आ रहे हैं, लेकिन पुलिस इस तरीके के गिरोह को पकड़ने में अभी तक नाकाम रही है। बता दें कि शातिर नोट गिरने और कार से तेल लीकेज का झांसा देकर वारदात को अंजाम देते हैं। इस तरीके का गिरोह पूरे ट्राइसिटी में सक्रिय है।