Punjab News: टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम, पिस्तौल के साथ दबोचा गया गैंगस्टर हैप्पी जट्ट का गुर्गा
पंजाब पुलिस को आरोपी की कई मामलों में तलाश थी। गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश से हथियारों की तस्करी में शामिल था। पूछताछ के दौरान उसने यह स्वीकार किया कि वह 100 से अधिक अवैध हथियार बेच चुका है।
विस्तार
पंजाब पुलिस ने हरप्रीत सिंह उर्फ हैपी बाबा निवासी गांव अलादीनपुर (तरनतारन) को गिरफ्तार कर राज्य में सुनियोजित हत्याएं करने की साजिश को नाकाम किया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि हैपी बाबा कत्ल और कत्ल करने की कोशिश के कई आपराधिक मामलों में शामिल है। पुलिस टीम ने उसके कब्जे में से एक 30 बोर का ऑटोमैटिक पिस्तौल, एक मैगजीन और तीन कारतूस भी बरामद किए हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी गैंगस्टर हरप्रीत सिंह उर्फ हैपी जट्ट निवासी जंडियाला का गुर्गा है, जो सरहदी राज्य पंजाब में शांति और सांप्रदायिक सद्भावना को भंग करने के लिए टारगेट किलिंग को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। उसे इसके बदले बड़ी रकम दी गई थी।
हैपी बाबा पंजाब में हथियारों का सबसे बड़ा सप्लायर भी है और मध्य प्रदेश के हथियार सप्लायरों से जुड़ा है। यह कार्रवाई काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर की तरफ से तरनतारन के नानकसर मोहल्ले के विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की भट्टी को उसके कब्जे से दो पिस्तौल समेत गिरफ्तार करने से 25 दिनों बाद अमल में लाई गई। एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर नवजोत सिंह माहल ने बताया कि आरोपी विक्की भट्टी से पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई है कि हैपी जट्ट ने हैपी बाबा को राज्य में टारगेट किलिंग को अंजाम देने की जिम्मेदारी सौंपी थी।
100 से ज्यादा अवैध हथियार बेच चुका है आरोपी
पूछताछ के दौरान हैपी बाबा ने कबूल किया कि वह अवैध हथियारों की अंतरराज्यीय तस्करी में शामिल है और साल 2020- 21 से अब तक मध्य प्रदेश से हथियारों की तस्करी करके तरनतारन और अमृतसर के क्षेत्र में कम से कम 100 नाजायज हथियार बेच चुका है। नवजोत सिंह माहल ने बताया कि आगे जांच जारी है। इस संबंध में अमृतसर में आर्म्स एक्ट की धाराओं के अधीन केस दर्ज किया गया है।