शादी के दिन संदिग्ध हालत में ट्रेन से कटा दूल्हा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भटेड़ा नहर के पास रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ रेलमार्ग पर शादी के दिन ही दूल्हा ट्रेन से कट मरा। मृतक हरियाणा पुलिस में सिपाही था और वर्तमान समय में उसकी तैनाती गुड़गांव जिले में थी। दो दिन पहले ही उसका लगन हुआ था। बारात शनिवार दोपहर बाद गुड़गांव के ही गांव खोह मानेसर में जानी थी।
जीआरपी ने परिजनों को घटना की जानकारी देने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने रात में ही शव का दाह संस्कार कर दिया। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानकर जांच कर रही है जबकि परिजन इससे इनकार कर रहे हैं।
दोपहर करीब तीन बजे जीआरपी को भटेड़ा नहर के पास रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ रेलवे मार्ग पर एक क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। मृतक के कपड़ों की जेब से हरियाणा पुलिस का आईकार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस मिला। इस आधार पर उसकी पहचान जोगेंद्र (27)के रूप में हुई।
जीआरपी ने गांव के सरपंच को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में सरपंच और मृतक के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटनास्थल से कुछ दूरी पर वह स्कूटी भी झाड़ियों में मिली, जिस पर बैठकर जोगेंद्र सुबह घर से निकला था। फिलहाल पुलिस मामले को आत्महत्या से जोड़कर चल रही है और मौत के पुख्ता कारणों की जानकारी के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। वहीं परिजनों ने महेंद्रगढ़ में पोस्टमार्टम होने के बाद रात में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
शहनाई की गूंज की जगह घर में मचा कोहराम
गांव मंदौला स्थित दिल्ली पुलिस में बतौर एएसआई कार्यरत भूदेव के घर बेटे जोगेंद्र की शादी के चलते जहां पिछले कई दिनों से मंगलगीत सुनाई दे रहे थे। वहीं शनिवार दोपहर में मातम छा चुका था। घर में हंसने-खेलने की आवाज की जगह कोहराम मचा था और बाराती बनने आए रिश्तेदारों की ही नहीं, बल्कि पूरे गांव के लोगों की पलकें भीगी हुई थीं। किसी को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि जोगेंद्र अब इस दुनिया में नहीं है।
मंदिर जाने के बहाने घर से निकला था
परिजनों के मुताबिक मृतक जोगेंद्र घर से मंदिर जाने के बहाने सुबह करीब 9:00 बजे स्कूटी पर सवार होकर घर से निकला था। यही नहीं मृतक अपना मोबाइल भी घर पर ही छोड़कर गया था। वहीं घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्कूटी भी झाड़ियों में मिली। पुलिस के मुताबिक मामला आत्महत्या का लग रहा है, जबकि परिजनों का कहना है कि जोगेंद्र अपनी शादी को लेकर बहुत खुश था।
दयानंद, जांचकर्ता, जीआरपी ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है। फिर भी मौत के स्पष्ट कारणों को जानने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। परिजनों ने रात में ही अंतिम संस्कार करने का फैसला किया है।
सुरेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, जीआरपी ने बताया कि जोगेंद्र की मौत की जांच की जा रही है। अभी परिवारजनों ने मौत के कारणों को लेकर कुछ भी साफ नहीं किया है। मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी, ताकि पता चल सके कि जोगेंद्र भटेड़ा नहर पर रेलवे पटरी तक क्यों आया था।