दुल्हन बनी, पर डोली की बजाय अर्थी मिली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक साल पहले हरप्रीत कौर शादी वाले दिन दुल्हन बनकर तैयार हुई लेकिन कुछ लोगों ने उस पर तेजाब फेंक दिया और डोली के बजाय उसे अर्थी नसीब हुई थी। घटना बरनाला की है। हरप्रीत कौर की शादी लुधियाना के हरप्रीत सिंह से 7 दिसंबर, 2013 को होनी तय हुई थी।
परिजन शादी के लिए हरप्रीत कौर को लुधियाना ले गए, जहां मैरिज पैलेस बुक किया हुआ था। हरप्रीत कौर को सजाने के लिए उसकी सहेलियां एक ब्यूटी पार्लर में ले गईं। जब हरप्रीत तैयार हो गई और शादी के मंडप पर बैठने के लिए पार्लर से निकलीं तो कुछ अज्ञात नौजवानों ने उस तेजाब फेंक दिया।
इसमें हरप्रीत कौर व उसकी सहेलियां जख्मी हो गईं। शादी का माहौल गमगीन हो गया। हरप्रीत कौर व उसकी सहेलियों को इलाज के लिए डीएमसी लुधियाना ले जाया गया। वहां हरप्रीत कौर की हालत नाजुक देखते हुए उसे मुंबई के एक अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। वहां हरप्रीत कौर की 27 दिसंबर, 2013 को मौत हो गई थी।
भाभी ने रंजिशन करवाई थी घटना
हरप्रीत कौर की शादी जिस लड़के हरप्रीत सिंह से हो रही थी, उसकी तलाकशुदा भाभी अमृतपाल कौर उर्फ परी ने हरप्रीत कौर पर एसिड अटैक करवाया था। हरप्रीत कौर के परिजनों के मुताबिक हरप्रीत सिंह की भाभी अमृतपाल कौर ने ठान रखी थी कि वह उनका घर कभी भी बसने नहीं देगी।
इसी रंजिशन लड़के की भाभी अमृतपाल कौर ने परमिंदर सिंह विक्की, मनप्रीत सिंह, राकेश कुमार प्रेमी, गुरसेवक सिंह बराड़, जसप्रीत सिंह मट्टू से मिलकर बेकसूर लड़की पर एसिड अटैक करवा दिया। अब सभी आरोपी जेल में बंद हैं।
लड़की को परिजनों को सरकार से गिला
हरप्रीत कौर के परिजनों को बेशक राज्यसभा सदस्य सुखदेव सिंह ढींढसा ने पांच लाख रुपये की सहायता दी थी और खजाना मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा भी हर तरह का आश्वास दिलाकर गए थे।
बावजूद इसके मृतका के परिजनों जसवंत सिंह पिता व माता दविंदर कौर को राज्य सरकार व जिला प्रशासन से गिला है कि उसके लड़के को सरकारी नौकरी देने के आश्वासन दिलाया गया था। लेकिन उनके लड़के को सुविधा सेंटर में थोड़े से वेतन में कच्ची नौकरी दे दी गई। इससे उनका गुजारा नहीं चलता।
उसके बाद उनकी किसी प्रशासनिक अधिकारी या राजनीतिक नेता ने कोई सुध नहीं ली। उन्होंने मांग की कि उनके लड़के को पक्की नौकरी दी जाए। मृतका हरप्रीत कौर के परिजन पिता जसंवत सिंह, माता दविंदर कौर, भाई दलजीत सिंह व अर्शदीप सिंह के कहना है कि उनके साथ बहुत अन्याय हुआ है। उनकी बेकसूर लड़की को शादी वाले दिन मौत के घाट उतार दिया गया, उन्होंने कहा कि आरोपियों को फांसी सजा होना चाहिए।
हरप्रीत कौर का श्रद्धांजलि समारोह शुक्रवार को बरनाला के हरी नगर में स्थित गुरुद्वारा साहिब में 12.00 से 1.00 बजे तक होगा। इसमें जिला की तमाम राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक संगठनों के नुमाइंदे श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शिरकत करेंगे।