Punjab News: गोइंदवाल साहिब जेल में भिड़े मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी, गैंगस्टर मनदीप तूफान समेत दो की हत्या
पंजाब की गोइंदवाल साहिब जेल में रविवार को गैंगवार हो गई। इसमें दो गैंगस्टरों की जान चली गई। वहीं तीसरा गैंगस्टर गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के खातिर अमृतसर भेजा गया है। मरने वाले गैंगस्टरों की पहचान मनदीप तूफान और मनमोहन सिंह के रूप में हुई हैं। ये सभी पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में केंद्रीय जेल गोइंदवाल साहिब में बंद आरोपियों के बीच रविवार को हुई खूनी झड़प में गैंगस्टर मनदीप सिंह तूफान और मनमोहन सिंह मोहना की मौत हो गई। गैंगस्टर केशव समेत तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मारे गए तूफान और मोहना गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े थे। इन पर हमला लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों ने किया है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और भगवानपुरिया मूसेवाला मर्डर के मुख्य साजिशकर्ता थे। दोनों के गुर्गे कुछ दिन पहले बठिंडा और तरनतारन जेल में भिड़ गए थे। इसके बाद से ही तनातनी चल आ रही है।
जेल से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी एक ही बैरक में बंद थे। दो दिन पहले भी इन कैदियों के बीच झगड़ा हुआ था। रविवार शाम तीन बजे पुराने विवाद को लेकर गैंगस्टर आपस में भिड़ गए। इसके बाद 20 से ज्यादा कैदियों ने तूफान, मोहना और केशव पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और तीनों को अस्पताल पहुंचाया।
जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. जगजीत सिंह ने कहा कि जेल से सिविल अस्पताल लाए गए तीन घायलों में से दो की पहले ही मौत हो चुकी थी। तीसरे की हालत गंभीर होने पर उसे सुरक्षा के बीच अमृतसर रेफर किया। झड़प में घायल अन्य दो कैदियों को बाद में अस्पताल पहुंचाया गया।
गोल्डी बराड़ ने ली जिम्मेदारी
मूसेवाला हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता गोल्डी बराड़ ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि मोहना और तूफान की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग लेता है। इन लोगों को हमारे भाई सचिन भिवानी, अंकित सेरसा, दीपक मुंडी, मनप्रीत भाऊ, कशिश, अरशद बीकानेर और मामा कित्ता ने मारा है। तूफान और मोहना ने जग्गू के कहने पर दो दिन पहले हमारे भाई मनप्रीत भाऊ ढैपई से मारपीट की थी। आज हमारे भाइयों ने एक तरफ होकर इन्हें मार दिया। जग्गू ने ही हमारे भाई रूपा और मन्नू का ट्रैप लगवाकर एनकाउंटर करवाया था।
गोइंदवाल साहिब जेल।
केशव बोला- गलतफहमी में हुआ हमला
हमले में घायल केशव ने अस्पताल में मीडिया से बातचीत में कहा की किसी बात को लेकर आपस में गलतफहमी हो गई थी। उसके बाद 25 से 30 लोगों ने वहां पड़ी रॉड, सरिया व अन्य सामान से एक दूसरे पर हमला कर दिया। इसमें वह तीन लोग गंभीर रूप में जख्मी हो गए।
कौन थे तूफान और मोहना
मनदीप तूफान: जग्गू भगवानपुरिया गैंग का शार्प शूटर था। मूसेवाला हत्याकांड की चार्जशीट के मुताबिक पहले तूफान और मणि को ही सिद्धू की हत्या का काम सौंपा गया था। दोनों ने कई बार मूसेवाला को मारने का प्रयास किया था लेकिन सफलता नहीं मिली थी। जग्गू भगवानपुरिया से पूछताछ के बाद इस मामले में तूफान का नाम सामने आया था। वह गैंगस्टर राणा कंधोवालिया की हत्या से भी जुड़ा था।
गोइंदवाल साहिब जेल।
मनमोहन सिंह मोहना: इस पर सिद्धू मूसेवाला की रेकी का आरोपी लगा था। मनमोहन सिंह पहले अकाली दल से जुड़ा था और बाद में पंजाब चुनाव के दौरान वह कांग्रेस में चला गया था। मनमोहन सिंह मानसा का रहने वाला था। उस पर कई आपराधिक केस दर्ज हैं। बुढलाडा ट्रक यूनियन प्रधान दर्शन सिंह के मर्डर के केस में वह जेल में बंद था। पंजाब पुलिस ने मूसेवाला हत्याकांड को लेकर गैंगस्टर लॉरेंस और मनमोहन सिंह को सामने बिठाकर पूछताछ की थी।
दो दिन पहले भी लड़ाई हुई तो बैरक क्यों नहीं बदली
मनदीप तूफान के पिता ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले भी लड़ाई हुई थी तो उन्हें अलग बैरक में क्यों नहीं रखा गया? उन्होंने कहा कि मैं सीएम से पूछता हूं कि यह क्या हो रहा है। उन्होंने कहा कि मिलीभगत से उसके बेटे को मारा गया है। मनदीप की बुआ के बेटे ने आरोप लगाया कि मूसेवाला के केस में उनके भाई को झूठा फंसाया गया है।
