साथी की हत्या का आरोपी गैंगस्टर जामन सिंह गिरफ्तार, बटाला में भी मिली बड़ी कामयाबी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लूटपाट व हत्या के मामलों में वांछित गैंगस्टर जामन सिंह को बठिंडा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को मालेरकोटला से धर दबोचा। 31 मई को मानसा में जब बठिंडा पुलिस ने कुछ गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया था तो आरोपी जामन पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया था।
एसएसपी डा. नानक सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंगस्टर जामन सिंह मालेरकोटला में रुका हुआ है। वह बस से कहीं और जाने वाला है। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर उसे मालेरकोटला के बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी गैंगस्टर मौजूदा समय में बंबीहा ग्रुप चला रहे गैंगस्टर सुखप्रीत बुड्ढा के लिए काम करता था।
एसएसपी ने बताया कि जामन सिंह को अदालत में पेश कर पांच दिन का रिमांड हासिल किया है। आरोपी गैंगस्टर की गिरफ्तारी से फरार गैंगस्टरों के बारे में सुराग पुलिस के हाथ लगेंगे। जिले के गांव भुच्चो खुर्द में जामन सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक की हत्या कर दी थी। जब आरोपी के साथी राम सिंह ने सरेंडर करना चाहा तो आरोपी गैंगस्टर जामन सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया था।
लूट की योजना बना रहे तीन गिरफ्तार
किसी गन हाउस को लूटकर बैंक में बड़ी डकैती करने की योजना बना रहे एक गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गुरुवार को स्पेशल रेड करके धर दबोचा। तीन सदस्य मौके से भाग निकले। आरोपियों से चोरी के 6 मोटरसाइकिल, एयर पिस्टल और बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने माना है कि उन्होंने 16 वारदातों को अंजाम दिया है।
इसमें एक महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश भी शामिल है। फिलहाल गिरोह के सभी सदस्यों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना सिविल लाइन बटाला के एसएचओ मुखतार सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस चौकी अर्बन अस्टेट के इंचार्ज एएसआई हरजिंदर सिंह ने पुलिस पार्टी समेत पीर बाबा पडौले शाह के पास स्पेशल नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान गौरी उर्फ कमांडो निवासी हसनपुर खुर्द, सुमित निवासी गांधी नगर कैंप, रोबिन निवासी गांऊसपुरा बटाला को काबू किया गया।