सहेली से मिलकर लौट रही युवती से चलती कार में गैंगरेप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर के पाश इलाके में शनिवार देर रात को पैदल जा रही एक युवती को कार सवार तीन युवकों ने अगवा कर लिया। चलती कार में उसके साथ गैंगरेप कर उससे छोड़कर फरार हो गए।
हैरानी की बात यह है कि युवकों ने चलती कार में युवती से गैंगरेप किया, लेकिन पूरे इलाके में पुलिस गश्त पर नहीं थी। पीड़िता ने इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस के आला अधिकारी और थाना सदर की पुलिस ने मौके पर पहुंच पीड़ित युवती को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया।
इस मामले में थाना सदर की पुलिस ने विक्की, मनु और एक अन्य युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। उधर, रविवार सुबह पुलिस ने सिविल अस्पताल में युवती की मेडिकल जांच कराई। वहां से उसके स्वैब जांच के लिए भेज दिए गए है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित युवती मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर की रहने वाली है। वह बीते डेढ़ साल से यहां पर एक होटल में काम कर रही है। शनिवार को पीड़ित युवती ने काम खत्म होने के बाद अपने पीजी में चली गई। वहां से आठ बजे वह पास स्थित अपनी सहेली के पास उसके पीजी चली गई। देर रात करीब एक बजे वह अपने पीजी के लिए पैदल ही निकली।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करने में जुटी पुलिस
रास्ते में युवती को अकेला जाते देख कार सवार तीन युवकों ने उसे खींच लिया। चलती कार में गैंगरेप कर उसे वहीं छोड़ कर फरार हो गए। पीड़ित युवती ने शोर मचाया, लेकिन देर रात होने से पूरे इलाके में कोई नहीं था। युवती ने किसी तरह इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी, लेकिन आरोपी युवकों का कुछ पता नहीं चला। पुलिस पूछताछ में पीड़ित युवती ने कहा कि आरोपी एक दूसरे को विक्की, मनु के नाम से बुला रहे थे, जबकि तीसरे युवक का नाम वह नहीं बोले। पीड़ित युवती कार का नंबर भी सही से पढ़ नहीं सकी। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चैक करने में जुटी हुई है।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस नवीन सिंगला ने कहा कि पीड़ित युवती रात में अकेली ही निकली थी। जिस इलाके में वह जा रही थी वहां पर पीसीआर गश्त तो होती है, लेकिन रात में पीसीआर मुलाजिम उस सड़क पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपियों के स्केच तैयार करने में जुटी हुई है।
इससे जल्द से आरोपियों का पता लगाया जा सके। वहीं पुलिस सफेद रंग की मारुति कार का भी पता लगाने में कई थ्योरियों पर काम कर रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी चेक किया जा रहा है। युवती अभी काफी सदमे में हैं। उससे भी पूछताछ की जाएगी, ताकि युवकों के बारे में अधिक जानकारी मिल सके। आरोपियों को गिरफ्तार करने में आसानी हो।