खन्ना में लुटेरा गिरोह के चार शातिर गिरफ्तार, सरगना के आतंकियों से संबंध होने की आशंका
सीआईए स्टाफ ने दोराहा के नीलू पुल के पास नाकाबंदी कर लुटेरा गिरोह के चार शातिरों को 266 ग्राम हेरोइन, तीन पिस्टल, 20 कारतूस, एक 12 बोर की राइफल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह निवासी रोहणों खुर्द खन्ना, जसदीप सिंह निवासी पटियाला, विशाल कुमार निवासी खन्ना और इकबालप्रीत सिंह निवासी फतेहगढ़ साहिब के तौर पर हुई है। गिरोह का सरगना सुखविंदर ने खुद को नेशनल बाक्सिंग चैंपियन बताता है।
डीआईजी रणबीर सिंह ने बताया कि सुखविंदर सिंह पर 2012 को थाना वंगा में असलाह एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था उसके कब्जे से छह किलो आरडीएक्स बरामद हुआ था। इस मामले में आरोपी को पटियाला की नाभा जेल भेजा गया था। जहां उसकी मुलाकात आतंकवादी कश्मीरा सिंह से हुई। दोनों का मेल मिलाप काफी बढ़ गया था।
उस समय कश्मीरा सिंह लूटपाट की वारदात करने वाले गैंगस्टरों के साथ फरार हो गया था। सुखविंदर ने बताया कि जब वह जेल से बाहर आया तो उसके गैंगस्टर हरिदंर सिंह उर्फ रिंदा के साथ बने जो नांदेड़ में कत्ल और लूटपाट की वारदात में शामिल था। रिंदा ने उसे एके-47 लाने के लिए जम्मू-कश्मीर भेजा। उसने वहां के गुरुद्वारों में रहकर एके-47 लेने के लिए कई लोगों से संपर्क बनाया।
डीआईजी रणबीर सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सीआईए स्टाफ को सूचना मिली कि वरना गाड़ी में कुछ लोग नशे और हथियारों की तस्करी करने का काम करते हैं और शुक्रवार को मोहाली से दोराहा के नीलू क्षेत्र में नशे व हथियारों की डिलीवरी देने जा रहे हैं। पुलिस ने नीलू नहर के पास नाकाबंदी कर दी। वरना गाड़ी को रोका गया तो उसमें चार लोग सवार थे।
गाड़ी की तलाशी लेने पर 266 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गाड़ी में बैठे सुखविंदर सिंह के कब्जे से एक पिस्टल, एक मैगजीन और छह कारतूस, जगदीप सिंह के पास से एक पिस्टल 32 बोर, एक मैगजीन, चार कारतूस और एक 12 बोर की राइफल, विशाल कुमार से एक पिस्टल 32 बोर, दो मैगजीन और 10 कारतूस बरामद हुए। इकबालप्रीत सिंह के पास से छह ग्राम हेरोइन बरामद हुई। सभी को मौके पर ही गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया गया।
डीआईजी ने आगे बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनके दो साथी बहादुर सिंह निवासी मोहाली व रमनदीप सिंह निवासी फिरोजपुर पीछे रह गए। डीआईजी ने बताया कि पिछले काफी समय से सुखविंदर सिंह एक निहंग का रूप धरकर लूटपाट, नशा और हथियार तस्करी का काम करता आ रहा है। सुखविंदर सिंह अपने साथियों के साथ दिल्ली से सस्ते दामों में हेरोइन और हथियार लाकर पंजाब के अलग-अलग शहर जीरकपुर, फतेहगढ़ साहिब, खन्ना, दोराहा, रोपड़ और मोहाली के अलावा अन्य शहरों में सप्लाई करता था।
डीआईजी ने बताया कि इस गिरोह के सरगना सुखविंदर सिंह पर पंजाब के अलग-अलग शहरों में 11 मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपी विशाल कुमार पर भी पंजाब के अलग अलग शहरों में छह मामले दर्ज हैं। इकबालप्रीत सिंह पर पहले भी एसटीएफ फतेहगढ़ साहिब की तरफ से हेरोइन तस्करी का मामला दर्ज है, वहीं इकबालप्रीत सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर जेल में शिवसेना पंजाब के प्रधान निशांत शर्मा पर हमला भी किया था।