सड़क हादसों में चार की मौत: पठानकोट में रेहड़ा सवार दो की गई जान, अबोहर में पंच तो लुधियाना में बुजुर्ग की मौत
अबोहर में सीतो मलोट रोड बाईपास पर रविवार रात सड़क हादसे में ग्राम पंचायत ढाणी सुच्चा सिंह की महिला पंच की मौत हो गई जबकि उसकी डेढ़ वर्षीय पोती को काफी चोट आई हैं। घायल बच्ची को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई। मौत की खबर पहुंचते ही सभी के घरों में कोहराम मच गया। पठानकोट में अज्ञात सैन्य वाहन ने रेहड़ा को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं अबोहर जिले में बाइक अनियंत्रित होने से महिला पंच की जान चली गई। वहीं पोती का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं लुधियाना में टिप्पर के नीचे आने से 70 वर्षीय महिला को जान गंवानी पड़ी।
सड़क हादसे में महिला पंच की मौत
अबोहर में सीतो मलोट रोड बाईपास पर रविवार रात सड़क हादसे में ग्राम पंचायत ढाणी सुच्चा सिंह की महिला पंच की मौत हो गई जबकि उसकी डेढ़ वर्षीय पोती को काफी चोट आई हैं। घायल बच्ची को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतका के पति की भी एक वर्ष पहले मौत हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही पूरी ग्राम पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई।
न्यू कैलाश नगर निवासी करीब 60 वर्षीय परमजीत पत्नी सोहन लाल रविवार देर शाम अपने बेटे पवन कुमार, पुत्रवधु मधुनीता और डेढ़ वर्षीय पोती जैसमीन के साथ बाइक पर ढाणी चिराग में रहने वाली अपनी बेटी से मिलकर वापस आ रही थीं। जब वह बाईपास सेलिब्रेशन पैलेस के निकट पहुंचे तो सामने से किसी वाहन की तेज रोशनी पड़ने और सड़क के गड्ढों के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। इससे सभी लोग घायल हो गए।
उन्हें सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने परमजीत को मृत घोषित कर दिया जबकि उसकी पोती गंभीर घायल हो गई। वहीं बेटा और पुत्रवधु को मामूली खरोंच आई। जैसमीन अस्पताल में उपचाराधीन है।
इधर, घटना की सूचना पाकर थाना नंबर 2 की पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। घटना की सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे ढाणी सुच्चा सिंह व ढाणी चिराग के सरपंच ने बताया कि घटनास्थल वाली सड़क की हालत बेहद खराब है। उन्होंने इस सड़क को शीघ्र ही सही करवाने की मांग की है।
पठानकोट: सैन्य वाहन की टक्कर से रेहड़ा सवार दो की मौत
पठानकोट-अमृतसर नेशनल हाईवे पर मलिकपुर में अज्ञात सैन्य वाहन की टक्कर से रेहड़ा सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतक गुरनाम सिंह व उनका साथी विधि चंद गांव डिबकू धलौरिया के रहने वाले थे। हादसे में घोड़ा भी घायल हो गया। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने वाले वाहन का चालक उसे हादसे के तुरंत बाद भगा ले गया।
सूचना मिलने पर मौके पर सुजानपुर पुलिस पहुंची। हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है ताकि चालक को पकड़ा जा सके। हादसा मंगलवार सुबह हुआ। मृतक गुरनाम सिंह के बेटे मनजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके पिता गुरनाम सिंह अपने एक साथी विधि चंद के साथ घोड़ा गाड़ी पर गांव झाखियां लाहड़ी जा रहे थे। मलिकपुर में सड़क पार करते वक्त सुजानपुर की तरफ से अज्ञात सैन्य वाहन ने रेहड़े को टक्कर मार दी।
हादसे में गुरनाम सिंह और विधि चंद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घोड़े की भी टांग टूट गई। लोगों की मदद से उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां विधि चंद और गुरनाम सिंह को रेफर कर दिया गया। विधि चंद को अन्य अस्पताल ले जाया गया, वहां से भी उसे अमृतसर रेफर कर दिया गया है। घायल विधिचंद की रास्ते में मौत हो गई। जबकि गुरनाम सिंह की पठानकोट सिविल अस्पताल में मौत हो गई।
सुजानपुर थाना प्रभारी इंद्रजीत ने बताया कि मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 304 ए, 279, 427 के तहत मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। हादसे को अंजाम देने वाले वाहन चालक को पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरे चेक करवाए जा रहे हैं। सिविल अस्पताल से दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवा परिवार को सौंप दिए हैं।
लुधियाना: टिप्पर के पिछले टायर के नीचे आई बुजुर्ग महिला
प्रताप चौक के पास सोमवार की दोपहर एक तेज रफ्तार टिप्पर के पिछले टायर के नीचे आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन छह की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद मृतक महिला हेमा धीर (70) का शव कब्जे में लिया लेकिन परिवार वालों ने कोई भी कार्रवाई करवाने से मना कर दिया। इसके बाद वह शव लेकर घर चले गए।
पुलिस ने फिर भी टिप्पर कब्जे में ले लिया है। थाना डिविजन छह के एसएचओ इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि हेमा धीर अपने पति राज धीर के साथ स्कूटर पर दवा लेने जा रही थी। जब वह प्रताप चौक के पास पहुंचे तो कच्चे से पक्के रोड पर चढ़ाते समय एकदम से स्कूटर का संतुलन बिगड़ गया और हेमा धीर पीछे गिर गईं और पास से गुजर रहे टिप्पर के पिछले टायर के नीचे आ गई।
राज धीर को टिप्पर से मामूली चोट लगी है। इसी दौरान चालक टिप्पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन छह की पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर अमन दीप सिंह बराड़ ने बताया कि परिवार वालों ने आपसी बातचीत के बाद कह दिया कि वह कोई कार्रवाई नहीं करवाना चाहते। हालांकि पुलिस ने टिप्पर कब्जे में ले लिया था। कार्रवाई न करवाने का कह वह शव लेकर घर चले गए। उन्होंने कहा कि औपचारिकता करने के बाद टिप्पर चालक को भी छोड़ दिया जाएगा।