अपहरण के 18 दिन बाद मिली पूर्व भाजपा नेता के बेटे की लाश, मांगी थी 50 लाख की फिरौती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नरोट जैमल सिंह के पूर्व ब्लाक समिति चेयरमैन और तारागढ़ भाजपा के मंडल अध्यक्ष स्व. थुड़ू राम काटल के 18 दिन से अपहृत बेटे विशाल काटल (26) की क्षत-विक्षत लाश मंगलवार को कथलौर वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी के जंगल में मिली। गांव फूलपुर का विशाल काटल 17 जनवरी से लापता था।
मंगलवार सुबह सेंक्चुरी में गश्त कर रहे बेलदार को दुर्गंध आई, जिसके बाद लाश के बारे में पता चला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाया और आसपास से साक्ष्य जुटाए। लाश के पास से लाइटर, स्मोक पाइप, बिस्किट के रैपर और पानी की बोतल मिली है। डीएसपी एसएस मान समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है।
मृतक के भाई विनय काटल ने बताया कि विशाल ईटीटी के बाद दीनानगर में टेट की कोचिंग कर रहा था। 17 जनवरी की सुबह वह घर से निकला लेकिन शाम तक नहीं लौटा। उसको फोन किया गया तो फोन किसी अज्ञात ने उठाया। फोन उठाने वाले ने कहा कि विशाल को किडनैप किया है, 50 लाख दो नहीं तो विशाल को मार दिया जाएगा।
उन्होंने 50 लाख रुपये देने में असमर्थता जताई तो आरोपी 40 लाख मांगने लगा। उसके बाद उसका फोन बंद हो गया। हमने कई बार फोन करने की कोशिश की लेकिन फोन नहीं मिला। मंगलवार को पुलिस ने लाश मिलने पर उन्हें पहचान करने को बुलाया। लाश विशाल की ही थी। पुलिस ने अज्ञात पर कत्ल का मामला दर्ज किया है।
डोगरी में बात कर रहा था किडनैपर
विनय काटल ने किडनैपर और उसके बीच हुई बात की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी है। इसमें आरोपी डोगरी में विनय को धमकाता सुनाई दे रहा है। किडनैपर ने अपना नाम तो नहीं बताया पर कहता रहा कि विशाल चिट्टे के नशे में बदहवास हालत में मिला। वह लंबे समय से विशाल को पकड़ने की कोशिश कर रहा था पर वह हाथ नहीं लग रहा था।
आज वह उसके कब्जे में है और उसने उसे बांध कर रखा है। किडनैपर ने कहा कि उसके पिता और साथियों ने उसकी जमीन बेच कर पैसा खा लिया। तेरे पिता के कारण उसे 25 साल जेल में बिताने पड़े, उसकी पत्नी मर गई। छोटे से बेटे की मौत हो गई। पुलिस या गांव में किसी को बताया तो विशाल को मार दूंगा।
50 लाख मांगे तो विनय ने कहा कि पिता चल बसे, पूरा परिवार कर्ज में डूबा है। इस पर किडनैपर ने 40 लाख रुपये मांगे। विनय ने कहा कि वह पैसे का इंतजाम करेगा पर पहले विशाल से बात करवाओ। किडनैपर ने कहा कि पैसे दो नहीं तो उसको मार दूंगा। मेरे पीछे पुलिस लगी है। तेरे भाई के अलावा इसी इलाके के 5 और लोग हैं, जिन्हें सबक सिखाना है। इसके बाद फोन बंद हो गया।
विशाल के भाई से किडनैपर ने फिरौती मांगी थी। पहले किडनैपिंग का मामला दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। - सुलखन सिंह मान, डीएसपी देहात, पठानकोट।