सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत, पिता ने तोड़ा दम...अस्पताल में तड़प रहे मां-बेटे
पंजाब में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। अकेले पटियाला में तीन सड़क हादसों में तीन लोगों की जान गई। वहीं फिरोजपुर में कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौत हो गई और बेटा घायल है।
पटियाला में मंगलवार को अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
पहले केस में अवतार सिंह निवासी वार्ड नंबर 16 खन्ना ने थाना अनाज मंडी पुलिस के पास बयान दिया कि वह रात आठ बजे अपने दोस्तों सतनाम सिंह, हरविंदर सिंह और बलजिंदर सिंह के साथ कार में सवार होकर गांव बारन के पास से जा रहा था। तभी एक कैंटर चालक ने लापरवाही से ड्राइविंग करते हुए वाहन को अचानक मोड़ दिया।
जिस कारण उनकी कार की कैंटर के साथ टक्कर हो गई। इस हादसे में उसके दोस्त बलजिंदर सिंह की मौत हो गई। जबकि वह और बाकी दो दोस्त घायल हो गए। पुलिस ने कैंटर चालक अमनइंद्र सिंह निवासी हरी नगर नजदीक अवतार कंडा पटियाला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दूसरे केस में जगमोहन कौर निवासी शेरां वाला गेट ने लाहौरी गेट थाना पुलिस के पास बयान दिया कि वह अपने पति अमरजीत सिंह के साथ स्कूटर पर बारादरी के पास से जा रही थी। इसी दौरान एक कार ने स्कूटर में टक्कर मार दी। इस हादसे में उसके पति अमरजीत सिंह की मौत हो गई। जबकि वह घायल हो गई। पुलिस ने कार चालक वरिंदर सिंह निवासी गांव साधुहेडी थाना सदर नाभा के खिलाफ केस दर्ज करके मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीसरे केस में रणजीत सिंह निवासी गांव लुबाना टेकू ने थाना सदर नाभा पुलिस के पास बयान दिया कि वह बाइक पर अपने दोस्त कुलविंदर सिंह के साथ प्रीत फार्म हाउस नाभा के पास से जा रहा था। इसी बीच एक ट्रैक्टर ट्राली के चालक सुरजीत सिंह निवासी गांव बुचड़ो जिला फतेहगढ़ साहिब ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में कुलविंदर सिंह की मौत हो गई। जबकि रणजीत सिंह घायल हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कार ने बाइक में मारी टक्कर, पिता की मौत, मां-बेटा घायल
फिरोजपुर के थाना कुलगढ़ी के अंतर्गत गांव सांदे हाशम स्थित बिंदरा भट्ठा के पास कार और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में पिता की मौत हो गई जबकि बेटा और मां गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को स्थानीय सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहां से उन्हें फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। उधर, थाना कुलगढ़ी पुलिस ने मंगलवार को ब्रेजा गाड़ी के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक एएसआई सुदेश कुमार पुलिस पार्टी समेत गांव सतिए वाला में मौजूद थे। सुदेश को सूचना मिली थी कि गांव सतिए वाला के पास ब्रेजा गाड़ी के चालक गुरजीत सिंह ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक में टक्कर मार दी। बाइक रंगा सिंह पुत्र कश्मीर सिंह निवासी रूकनशाह वाला चला रहा था।
बाइक पर उसकी मां सीतो व पिता कश्मीर सिंह (55) सवार थे। हादसे में कश्मीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। रंगा सिंह और सीतो गंभीर रूप से जख्मी हो गए। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने एएसआई सुदेश कुमार के बयान पर गाड़ी के चालक गुरजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
स्कूल की ओवरस्पीड वैन पेड़ से टकराई, एक बच्चे की मौत
बटाला में मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार स्कूल वैन पेड़ से टकरा गई। इस हादसे से एक बच्चे की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा डेरा बाबा नानक रोड पर स्थित गांव दालम के पास हुआ। वैन में केवल चार बच्चे थे। दो घायलों को अमृतसर रेफर कर दिया गया है जबकि एक बच्चे का इलाज बटाला के सिविल अस्पताल में ही में चल रहा है। चारों बच्चे आपस में रिश्तेदार हैं और गांव भागोवाल के रहने वाले हैं।
सिविल अस्पताल में भर्ती 10 साल की पलकप्रीत कौर ने बताया कि ड्राइवर अंकल बहुत तेज स्पीड से वैन चला रहे थे। सब बच्चे धीरे चलाने के लिए कह रहे थे लेकिन वह नहीं माने। इसी दौरान उनकी वैन एक पेड़ से टकरा गई। जानकारी के अनुसार निजी स्कूल की इस वैन को अमृतपाल उर्फ गोपी चला रहा था।
हादसे से पहले ड्राइवर ने कुछ बच्चों को गांव दालम के अड्डे पर उतारा था। वैन में केवल चार ही बच्चे रह गए थे, जिन्हें गांव भागोवाल में उतारना था। दालम से निकलते ही जल्दी पहुंचने के चक्कर में ड्राइवर से स्पीड एक दम बढ़ा दी, जिससे अनियंत्रित होकर वैन पेड़ से जा टकराई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने बच्चों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां 10 साल के सुपनदीप सिंह पुत्र बावा सिंह की मौत हो गई। वह छठी कक्षा में पढ़ता था। घायलों में पलकप्रीत कौर व उसकी बहन जोबनप्रीत कौर और महकप्रीत कौर शामिल हैं।
जोबनप्रीत और महकप्रीत को गंभीर हालत में अमृतसर के गुरु नानक अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर थाना किला लाल सिंह की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी का कहना है कि वह मामले की जांच कर रहे हैं। जो बनती कार्रवाई होगी वह की जाएगी।