Crime: पंजाब की युवती, चंडीगढ़ का युवक... बीएमडब्ल्यू में ड्रग्स तस्करी, तीन नाइजीरियन समेत पांच गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच ने 22 जुलाई 2025 को नाइजीरियाई नागरिक इमोरू डेमियन को 62.60 ग्राम आईस के साथ गिरफ्तार किया। इमोरू पंजाब के खन्ना माजरा स्थित जीटीपीएल कांप्लेक्स में रह रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच ने ट्राइसिटी में नशे के नेटवर्क को तोड़ते हुए अलग-अलग मामलों में तीन नाइजीरियन समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लाखों की ड्रग्स और दो महंगी कारें बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों में पंजाब की एक युवती और चंडीगढ़ का एक युवक भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से 50.88 ग्राम हेरोइन, 67 ग्राम आईस, 70 ग्राम कोकीन के अलावा एक बीएमडब्ल्यू और एक होंडा अकॉर्ड कार भी बरामद की है।
नाइजीरियन नागरिकों में दो खरड़ और एक दिल्ली में रह रहा था। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि इन तीनों नाइजीरियन का वीजा पहले ही एक्सपायर हो चुका था। इनमें से दो मेडिकल वीजा और एक बिजनेस वीजा पर भारत आया था लेकिन बाद में ड्रग्स तस्करी के धंधे में जुड़ गए। इनमें से चार आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है जबकि एक नाइजीरियन आरोपी पुलिस रिमांड पर है।
दिल्ली से कोकीन-आईस, पंजाब से हेरोइन का नेटवर्क
एसपी क्राइम जसबीर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी आईस और कोकीन दिल्ली से लाते थे जबकि हेरोइन पंजाब के सीमावर्ती इलाकों से मंगवाते थे। इनका नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है।
तीन नाइजीरियन ड्रग तस्कर गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच ने 22 जुलाई 2025 को नाइजीरियाई नागरिक इमोरू डेमियन को 62.60 ग्राम आईस के साथ गिरफ्तार किया। इमोरू पंजाब के खन्ना माजरा स्थित जीटीपीएल कांप्लेक्स में रह रहा था। इमोरू से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह के दो अन्य विदेशी साथियों को भी दबोचा। इनमें ओकोए न्नामदी को दिल्ली से उसकी होंडा अकॉर्ड कार के साथ पकड़ा गया। उसके कब्जे से 35.80 ग्राम कोकीन और 5.73 ग्राम आईस बरामद हुई। तीसरे आरोपी टूफे यूसुफ को खरड़ के अंबिका एनक्लेव से गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 34.85 ग्राम कोकीन मिली। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी है।
बीएमडब्ल्यू में ड्रग्स तस्करी करते युवती और युवक पकड़े गए
19 जुलाई 2025 को एक अन्य मामले में एएसआई भूपिंदर सिंह और उनकी टीम को गश्त के दौरान एक संदेहास्पद बीएमडब्ल्यू कार दिखी। जब कार सवारों ने रुकने का इशारा करने पर भी दरवाजा नहीं खोला तो पुलिस ने शीशा तोड़कर उन्हें काबू किया। कार में सेक्टर-45 निवासी 31 साल के शिवा ठाकुर और फतेहगढ़ साहिब निवासी 29 साल की जैसल बैंस सवार थे। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से 50.88 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पूर्व सजायाफ्ता तस्कर, जेल से छूटते ही फिर शुरू किया धंधा
आरोपी शिवा ठाकुर का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह एनडीपीएस के दो मामलों में पहले ही सजा काट चुका है। उसके खिलाफ इससे पहले एनडीपीएस के तीन मामले दर्ज थे, जिनमें उसे एक मामले में 15 साल और दूसरे में 10 साल की सजा हुई थी। लगभग साढ़े पांच साल जेल में बिताने के बाद शिवा ने बाहर आते ही फिर से ड्रग्स तस्करी का धंधा शुरू कर दिया। इस बार उसकी महिला मित्र जैसल बैंस भी इसमें शामिल थी। पुलिस के अनुसार, जैसल और शिवा 11वीं कक्षा से दोस्त हैं और युवती जेल में भी शिवा से मिलने जाती थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी बीएमडब्ल्यू कार में ड्रग्स सप्लाई करते थे। इंस्पेक्टर सतविंदर सिंह ने बताया कि सभी आरोपी ड्रग्स बेचने का काम करते थे। हालांकि, इन दोनों में से कोई भी ड्रग्स का आदी नहीं है।