शिवसेना के बड़े नेता पर अटैक, खुलासा चौंका देगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के गुरदासपुर में शिवसेना के पंजाब महासचिव हरविंदर सोनी को गोली मारने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मामले में आरोपी कश्मीर सिंह (26) खन्ना के गांव गलवड्डी का रहने वाला है।
कश्मीर पर फतेहगढ़ साहिब में पहले भी गैर कानूनी ढंग से असलाह रखने एवं लड़ाई झगड़ा करने, गैंग बनाने, डकैती एवं लूटपाट आदि के मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में नाभा जेल से जमानत पर रिहा होकर आया था।
कश्मीर के परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। जानकारी के अनुसार घटना के बाद पुलिस कश्मीर के परिवार को साथ ले गई लेकिन खन्ना के एसएसपी ने इस बात से इनकार किया है।
हिटलिस्ट में थे हरविंदर
पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के हत्यारे बलवंत सिंह राजोआना को फांसी की सजा के माफी संबंधी दो वर्ष पूर्व 28 मार्च को पंजाब बंद की कॉल पर जब पंजाब बंद था तो गुरदासपुर में सिख संगठनों ने प्रदर्शन किया था।
इस दौरान जसपाल सिंह नामक युवक की मौत हो गई थी। तब हरविंदर सोनी पर सिखों की पगड़ियां उतारने का आरोप लगाया था। यह आरोप बाद में झूठा साबित हुआ था। तब से ही सोनी को आतंकवादियों से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
इसी बात से नाराज कश्मीर सिंह ने रविवार को हरविंदर सोनी पर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार शिवसेना नेता योगराज शर्मा, हरविंदर सोनी व एक अन्य कुंज बिहारी को आतंकवादियों से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इसलिए उन्हें सुरक्षा मुहैया करवाई गई थी। राजोआना केस के दौरान से ही हरविंदर सोनी आतंकवादियों का टारगेट थे।
गुरदासपुर में सैर करते समय मारी गोली
फिश पार्क में रविवार सुबह एक युवक ने शिवसेना (बाल ठाकरे) के पंजाब महासचिव हरविंदर सोनी को गोली मारी गई थी। गंभीर हालत में डॉक्टरों ने सोनी को अमृतसर रेफर कर दिया। सोनी के सुरक्षा कर्मियों ने हमलावर कश्मीर सिंह को पकड़ लिया है।
वहीं रेकी करवाने और मदद करने के आरोपी इंदरपाल सिंह और गुरजीत सिंह को देर शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हमले के बाद पंजाब पुलिस के डायरेक्टर जनरल सुमेध सिंह सैनी ने पंजाब में रेड अलर्ट घोषित कर दिया है।
एसएसपी गुरप्रीत सिंह तूर ने बताया कि शिवसेना (बाल ठाकरे) पंजाब के महासचिव हरविंदर सोनी हर रविवार फिश पार्क में सैर के लिए जाते हैं। रविवार सुबह वह अपने दो बॉडीगार्ड के साथ पार्क में गए।
वॉलीबॉल खेलते समय एक युवक वहां आया और उनसे नाम पूछा। जैसे ही उन्होंने अपना नाम बताया तो युवक ने देसी कट्टे से उन पर गोली चला दी। गोली सोनी के पेट में लगी।
सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश, नाकाबंदी
चंडीगढ़ से पहुंचे एक आदेश में सभी जिलों के एसएसपी, कमिश्नर के अलावा जोन के आईजी और डीआईजी को सुरक्षा कड़ी करने के लिए कहा गया है। साथ ही कहा है कि अगर अतिरिक्त पुलिस बल की जरूरत है तो पंजाब पुलिस हेडक्वार्टर को सूचना दें। उन्हें पीएपी, आईआरबी और कमांडो उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस आदेश के बाद अमृतसर में नाकाबंदी कर दी गई है।
भाजपा ने की गुरदासपुर हमले की निंदा
पंजाब भाजपा अध्यक्ष कमल शर्मा ने गुरदासपुर में शिवसेना नेता हरविंदर सोनी पर हुए आतंकी हमले की निंदा की है। उन्होंने राज्य सरकार से आतंकवाद से कड़ाई से निपटने की मांग की है। शर्मा ने पुलिस उच्चाधिकारियों से बातचीत करने के अलावा घायल नेता का हाल जाना।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि विदेश में बैठी कुछ भारत विरोधी शक्तियां पंजाब में माहौल खराब करने और सांप्रदायिक वातावरण दूषित करने की फिराक में हैं। इनके नापाक इरादों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
सोनी का हाल जानने पहुंचे कई दलों के नेता
घायल हरविंदर कुमार सोनी को अमृतसर के फोर्टिस एस्कोर्ट अस्पताल में लाया गया। यहां उनका आपरेशन किया गया है। घटना के बाद दलों के नेता सोनी का हाल पूछने के लिए अस्पताल पहुंचे। भाजपा के सचिव तरुण चुघ ने डाक्टरों से सोनी का हाल चाल पूछा।
शिव सेना बाल ठाकरे के पंजाब प्रधान योगराज शर्मा, राजेंद्र सहदेव, मुकेश कुमार हिन्दु, सुरक्षा समीति, संजीव भास्कर, जतिंद्र सहदेव, अजय गिल, विशाल, रोहित सेठी, बलदेव भारद्वाज, अजय सेठ, सुखदेव सिंह संधू भी उपस्थित थे।
क्रांतिकारी छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स फेडरेशन (एनएसएफ) की पंजाब प्रदेश कार्यकारिणी कमेटी के सचिव राजविंदर राजा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतविंदर सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर सोनी का हाल जाना।
इस दौरान योगराज शर्मा ने कहा कि एक सप्ताह पहले गुरदासपुर के गांव घुमाण में हुए मराठी सम्मेलन में शिवसेना की शक्ति देखकर विरोधी घबरा गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सूबा सरकार नहीं चाहती कि पंजाब में कोई तीसरा फ्रंट उभरे।
उन्होंने मांग की कि सोनी के साथ-साथ उसके परिवार को भी सुरक्षा की जाए। सोनी पर हुए हमले के बारे में हाईकमान को अवगत करवा दिया गया है। शिवसेना बाल ठाकरे के उत्तरी प्रभारी दिनेश शुक्ला इस समय जम्मू में हैं। वह भी जल्द अमृतसर पहुंच रहे हैं।
हमले से भड़के शिवसैनिक
हरविंदर सोनी पर हुए हमले पर रोष जताया। बैठक की अध्यक्षता जिला यूथ प्रधान संजीव शर्मा ने की। पंजाब उपप्रधान नरोत्तम मन्हास विशेष रूप से शामिल हुए। मन्हास ने कहा कि आतंकी हमले की धमकी के बावजूद शिवसेना नेताओं की सुरक्षा वापस लेना किसी साजिश को दर्शाता है।
शिवसैनिकों की सुरक्षा बढ़ी
डीएसपी सिटी मनोज ठाकुर ने बताया कि हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों को दी गई पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस कर्मचारी 24 घंटे इन प्रतिनिधियों की सुरक्षा में तैनात रहेंगे।
अमृतसर में बढ़ी सुरक्षा
हमले के बाद कुछ सिख संगठनों के नेताओं पर पुलिस द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्कवायड को भी मुस्तैद कर दिया गया है। एडीसीपी सिटी वन परमपाल सिंह, एसीपी गौरव गर्ग ने बस स्टैंड पर सर्च अभियान चलाया। एडीसीपी सिटी टू डॉ. केतन पाटिल ने एसीपी क्राइम हरजीत सिंह धालीवाल ने जीआरपी और आरपीएफ की मदद से रेलवे स्टेशन पर सर्च अभियान चलाया।