शादी का बना रही थी दबाव, प्रेमी ने घर बुलाया फिर हुए झगड़े ने लिया खौफनाक रूप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
38 वर्षीय महिला की घर के ग्राउंड फ्लोर पर बेडरूम में विवाद के बाद गला घोंट हत्या की गई थी। इस पूरी वारदात में आरोपी के भाई ने सहयोग किया था। शुक्रवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीसीपी कमलदीप गोयल ने इसका खुलासा किया है।
बीते शुक्रवार को देर रात पिपली वाला टाउन मनीमाजरा निवासी आनंद ने ही हत्या के बाद अपने भाई आजाद के साथ मिलकर मनसा देवी थाने से 500 सौ मीटर दूर शव पर तेल छिड़क कर आग के हवाले किया था, ताकि मृतका की शिनाख्त न हो सकें।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि युवती पांच माह की गर्भवती थी। जो आरोपी आनंद पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था। शुक्रवार रात घटना के दौरान आठ बजे आरोपी आनंद ने महिला को घर पर मिलने के लिए बुलाया था और उसे गर्भपात कराने के लिए कहा।
पुलिस ने बताया कि महिला गर्भपात कराने के लिए तैयार नहीं थी। इसे लेकर आनंद और महिला के बीच झगड़ा हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी आनंद महिला पर शक करता था। इसलिए वह महिला पर गर्भपात कराने के लिए दबाव बना रहा था।
महिला की थी दस साल की बेटी
सूरजपुर निवासी मृतका आरती की शादी 12 साल पहले हुई थी। महिला की अपने पति से अनबन चल रही थी। जिस वजह से वह अपने भाई के साथ सूरजपुर में रह रही थी। महिला की एक दस साल की बेटी भी है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी आनंद ने खुलासा किया कि उसकी मुलाकात महिला से सेक्टर-19 की रेहड़ी मार्केट में हुई थी।
आरोपी एक कपड़े की दुकान में काम करता था। इस दौरान महिला अपनी भाभी के साथ लहंगा खरीदवाने आई थी। जहां उसकी मुलाकात दुकान पर काम करने वाले मनीमाजरा पिपली टाउन निवासी आनंद से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच संबंध बने।
दुष्कर्म की आशंका, पुलिस ने भेजा सैंपल
डीसीपी कमलदीप गोयल ने बताया कि महिला से दुष्कर्म की आशंका है। इसलिए पुलिस ने महिला की विसरा रिपोर्ट करनाल स्थित मधुबन लैब में जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट में अगर दुष्कर्म की बात सामने आती है तो आरोपी पर इस धारा के तहत केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने बरामद की महिला की स्कूटी
सीआईए की टीम ने आरोपी आनंद से पूछताछ के बाद स्कूटी बरामद की है। जिस पर महिला आरोपी के घर आई थी। हत्या के बाद आरोपी आनंद ने इसकी जानकारी अपने भाई आजाद को दी। आरोपी आनंद और आजाद ने मिलकर शव को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया और शव को घर से स्कूटी के माध्यम से बोरी में डालकर मनसा देवी थाने से 500 सौ मीटर दूर ले जाकर पेट्रोल से जला दिया।
पंचकूला पुलिस की कई टीमें कर रही थी मामले की तफ्तीश
डीसीपी के निर्देश पर सेक्टर-19 क्राइम ब्रांच, सीआईए और मनसा देवी थाने की पुलिस लगी थी। महिला के पिता ऋषिपाल की शिकायत पर सीआईए टीम ने जांच की थी। महिला के नंबर की कॉल डिटेल निकलने के बाद और पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी आजाद और आनंद को गिरफ्तार किया था। आरोपी आनंद और आजाद के पूरे परिवार से मामले की तह में पहुंचने के लिए पूछताछ कर रही है।
मामले की तफ्तीश पुलिस की ओर से जारी है। अभी तक महिला की हत्या में आरोपी आनंद और आजाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। सैंपल चेकिंग के लिए भेज दिए गए हैं। महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। सीएफएसएल लैब से रिपोर्ट आने के बाद हम मामले की जांच सभी पहलुओं पर करेंगे। - कमलदीप गोयल, डीसीपी, पंचकूला पुलिस।