जीजा को जिंदा जला बहन को बनाया 'विधवा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रूठी बीवी को मनाने अपनी ससुराल आए पति को उसके बड़े साले ने पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जला अपनी ही बहन का सुहाग उजाड़ दिया। मामला, हरियाणा की सिवानी मंडी के गांव ढ़ाणी भाखरा का है। आग से बुरी तरह से झुलसे घर के दामाद को उसके ससुर और छोटे साले ने बचाया और उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल में दाखिल कराया। बुधवार देर रात युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में मृतक के बड़े साले धर्मवीर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार सिधनवावासी दलीप कुमार के तीन बच्चे हैं। किसी बात को लेकर पत्नी के साथ दलीप की अनबन हो गई थी। इसलिए वह अपने बच्चों सहित मायके चली आई थी। करीब डेढ़ साल से वह अपने मायके में ही थी। कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौते को लेकर पंचायतें भी हुई लेकिन बात सिरे नहीं चढ़ी।
25 मार्च को झुलसा था दलीप, 2 अप्रैल को तोड़ा दम
इसके बाद खुद दलीप रूठी हुई बीवी को मनाने के लिए गत 25 मार्च को गांव ढ़ाणी भाखरां पहुंचा। यहां घर में उससे खार खाए बैठे उसके बड़े साले धर्मवीर ने घर आए अपने जीजा को पहले मारा-पीटा और बाद में पेट्रोल छिड़क कर उसे आग के हवाले कर दिया। दलीप मदद के लिए चिल्लाया तो घर में ही मौजूद उसके ससुर सोहनलाल और छोटे साले सतीश ने उसके शरीर पर लगी आग बुझाई और बाद में उसे उपचार के लिए हिसार ले गए।
यहां से चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा मेडिकल में रेफर कर दिया। इसके बाद दलीप घर आ गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार मरने से पहले मृतक दलीप ने पुलिस को ब्यान दिया था कि उसके बड़े साले ने उस पर तेल छिड़कने के बाद आग लगा दी थी। पुलिस ने इस बयान के बाद पहले आरोपी के खिलाफ हत्या प्रयास का मामला दर्ज किया था। बुधवार को उसकी मौत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।