घर में घुसकर फाइनेंसर को गन प्वाइंट पर पीटा, वीडियो बनाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर में बेखौफ बदमाशों ने सेक्टर-48 गुरु नानक विहार सोसाइटी में दिन दहाड़े एक फाइनेंसर के घर में घुसकर गन प्वाइंट पर मारपीट कर उसका वीडियो बनाया। बदमाशों की दबंगई यहीं खत्म नहीं हुई। उन्होंने पीड़ितों की अपने बॉस से बात कराई।
इसके बाद कार और मोबाइल लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने जाते हुए घर के मेन गेट की कुंडी भी लगा दी। ताकि वह इसकी शिकायत पुलिस को न दे सकें। करीब 20 मिनट बाद पुलिस को इसकी शिकायत फाइनेंसर पलविंदर पाल उर्फ मिड्डा ने कंट्रोल रूम को दी।
सूचना पर एसपी सिटी परविंदर सिंह, एएसपी (साउथ) नवदीप बराड़, सेक्टर-36 के थाना प्रभारी राम दयाल, सेक्टर-34 के थाना प्रभारी बलजीत सिंह पहुंचे। थाने में पलविंदर और उसके नौकर बहादुर से पुलिस ने पूछताछ कर मामले की जानकारी ली।
सेक्टर-48 स्थित गुरु नानक विहार सोसाइटी के मकान नंबर-2079 में रहने वाले पलविंदर पाल उर्फ मिड्डा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फाइनेंसर का काम करते हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने मोहाली फेस-11 के मनीष टंडन उर्फ मोंटी जो चंडीगढ़ सेक्टर-44 में बुकी का काम करता है, को 20 लाख रुपये दिये थे।
लेकिन रुपये वापस न मिलने पर उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। इसी शिकायत से मनीष उससे चिढ़ा हुआ था। पलविंदर ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर वह और उसका नौकर बहादुर घर में थे। घर की बेल बजने पर बहादुर ने दरवाजा खोला तो छह युवक जबरदस्ती घर में घुस आए। इसमें से दो सरदार थे। आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर उसका वीडियो बनाया।
पुलिस अधिकारी बोले, कहानी में पेंच है
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने उसकी बात मनीष टंडन से कराई। जिसने फोन पर उसे जान से मारने की धमकी दी। बाद में युवक जाते हुए उसकी महिंद्रा एसयूवी कार और मोबाइल लूट ले गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि केस दर्ज करने पर मनीष टंडन ने अपने किराये के छह गुंडे घर पर भेजे थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पलविंदर की कहानी में कई पेंच हैं। पलविंदर फाइनेंस का काम करता है। उसने अपनी कार फाइनेंस करा रखी थी। जिसकी वह कई माह से किश्त अदा नहीं कर रहा था। इसलिए गाड़ी कंपनी ने कार उठवा ली है। फिर भी पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
40 मिनट में वारदात
गुरु नानक विहार सोसाइटी के चौकीदार मोहन ने बताया कि दोपहर 1.40 बजे सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार ने सोसाइटी में प्रवेश किया। उन्होंने कार चालक को रुकने का इशारा किया। लेकिन वह नहीं रुके। इसके बाद करीब 2.20 बजे कार यहां से गई।
परविंदर सिंह, एसपी सिटी ने बताया कि गन प्वाइंट पर लूट की कॉल आई थी। हम तुरंत मौके पर पहुंचे। फिलहाल, फाइनेंसर पलविंदर पाल की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।