55 किमी में 31 नाकों पर 186 पुलिसकर्मी तैनात, फिर भी तीन पेट्रोल पंप बदमाशों ने लूटे
रोहतक और जींद के 55 किलोमीटर के दायरे में 31 नाकों पर 186 पुलिसकर्मियों के तैनात रहने के बावजूद बदमाशों ने मंगलवार रात पुलिस को कड़ी चुनौती देते हुए तीन पेट्रोल पंपों और नगर निगम के ड्राइवर से ब्रेजा कार लूट ली।
विरोध करने पर मारपीट की गई। आरोपी पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए। उधर पुलिस दो को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। रोहतक और जींद के जुलाना थाने पर केस दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार जसिया और चांदी में पेट्रोल पंप पर लूट करने के बाद बदमाश सीधे जींद के जुलाना स्थित महादेव फिलिंग स्टेशन पर रात करीब ढाई बजे पहुंचे। यहां सेल्समैन कृष्ण को बंधक बनाकर करीब 26 हजार की नकदी लूट ली। विरोध करने पर उसकी पिटाई की। सेल्समैन कृष्ण की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
चांदी के पेट्रोल पंप पर 11 बजकर 6 मिनट पर बाइक से पहंचे थे बदमाश
चांदी के पेट्रोल पंप पर 11 बजकर 6 मिनट पर बदमाश बाइक पर सवार होकर नकाब लगाकर पहुंचे थे। यहां बदमाशों ने बाइक रोकते ही दो कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
धनाना के रमेश और सोनू के साथ लात घूसों और पिस्तौल की बट से पिटाई की। बदमाशों ने पांच मिनट तक यहां लूटपाट की। इसके बाद जींद की तरफ फरार हो गए थे। आरोपी पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गए।
12 बजकर 20 मिनट पर की रेकी, 20 मिनट बाद की लूटपाट
जसिया पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात यहां पर लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार 12 बजकर 20 मिनट पर कार सवार चारों बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे। रेकी करने के बाद बदमाश कार में सवार होकर चले गए। इसके बाद फिर से 12 बजकर 41 मिनट पर पेट्रोल पंप पर पहुंचे। पेट्रोल डलवाने के बहाने एक बदमाश फिलिंग स्टेशन के अंदर घुस गया और मैनेजर अनिल व सेल्समैन प्रदीप के साथ मारपीट शुरू कर दी।
दोनों के साथ गाली गलौज भी की। बदमाशों ने कभी थप्पड़ तो कभी लात घूसों से पीटा। वाईफाई सिस्टम भी तोड़ दिया। यहां से साठ हजार रुपये लूटे। सीसीटीवी के अनुसार 12 बजकर 49 मिनट पर वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
बदमाश के हाथ से निकला खून
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि वाईफाई सिस्टम को तोड़ने के दौरान एक बदमाश के हाथ से खून निकल रहा। काफी देर तक वह खून निकलने के बाद हाथ को मुंह से लगाते भी नजर आया।
जुलाना में एक बजे दिया वारदात को अंजाम
जुलाना के पेट्रोल पंप पर रात एक बजे वारदात को अंजाम दिया गया। यहां से बदमाश सीसीटीवी की डीवीआर भी निकालकर ले गए।
खरावड़ पुल के पास कार लूटी
इसके अलावा भालौठ गांव के रहने वाले किसान सुरेश कुमार ने बताया कि उसका बेटा विकास कुमार नगर निगम में ड्राइवर है। मंगलवार रात विकास घर से रोहतक के लिए निकला था। लौटते समय रात करीब एक बजे खरावड़ पुल के पास नींद आने के कारण कार खड़ी कर उसमें सो गया।
इस स्थान पर अधिकतर पुलिस भी गश्त करती रहती है। इसी दौरान बदमाश आए और पिस्तौल के बल पर उससे नकदी, मोबाइल ओर ब्रेजा कार लूट ली। विरोध करने पर पिटाई की गई। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अहम सुराग लगे हाथ, इनाम रखा
एक ही रात में चांदी, जसिया समेत तीन पेट्रोल पंपों से लूट करने के मामले में खुलासे के लिए एसपी ने पुलिस के अलावा सीआईए की तीनों टीमों को लगाया है। इसके अलावा विशेष टीम का भी गठन किया गया है। सीसीटीवी में कैद बदमाशों के फोटो जारी करते हुए लोगों से पकड़वाने में सहयोग की अपील की गई। है।
सहयोग करने वालों को उचित इनाम दिया जाएगा। उधर पुलिस सूत्रों का कहना है कि बदमाश स्थानीय भाषा ही बोल रहे थे। स्थानीय बदमाशों ने ही वारदात को अंजाम दिया है। जल्द ही गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।