रोहतक में इनसो के प्रदेश अध्यक्ष पर हमला, पीजीआई में भर्ती, 50 से अधिक युवक लाठी-डंडों से थे लैस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में शुक्रवार दोपहर लॉ डिपार्टमेंट के बाहर इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (इनसो) के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप देसवाल और उनके साथियों पर 50 से अधिक युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि प्रदीप पर फायर भी किया गया, लेकिन गोली उनके हाथ को रगड़ती निकल गई। प्रदीप को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। प्रदीप की कार समेत दो कारों में तोड़-फोड़ और प्रदीप के भाई से लाइसेंसी रिवाल्वर और 30 हजार लूटने का भी आरोप है। रिवाल्वर को पुलिस ने देर रात बरामद कर लिया।
आरोप है कि एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने हमला किया। जबकि एनएसयूआई ने इससे इनकार किया है। प्रदीप से मिलने पीजीआई पहुंचे अजय चौटाला ने भी एनएसयूआई पर हमले का आरोप लगाया है। देर रात पुलिस ने प्रदीप के भाई अनिल की शिकायत पर सुशील, प्रदीप, नवीन और सोंटा सहित 44 लोगों पर केस दर्ज किया है। तीन लोगों को हिरासत में भी लिया है।
पुलिस के मुताबिक, इनसो के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप कुमार देसवाल शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे एमडीयू के लॉ डिपार्टमेंट में अपने कुछ साथियों के साथ खड़े थे, तभी लाठी-डंडों से लैस तथा पिस्तौल लिए 50 से अधिक युवकों ने यह कहते हुए कि सभी को खत्म कर देंगे, हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से प्रदीप की पिटाई की और फायर किया।
एक गोली प्रदीप के हाथ से रगड़ती हुई निकल गई। प्रदीप के साथी सुनील, मंजीत, रवि, प्रदीप, लक्षित आदि ने भागकर जान बचाई। आरोप है कि हमलावरों ने प्रदीप को दुष्यंत चौटाला द्वारा गिफ्ट में दी गई फार्च्यूनर और लक्की की आई-20 कार में जमकर तोड़फोड़ की। प्रदीप के भाई अनिल से उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर और करीब 30 हजार की नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात तक किसी आरोपी को पकड़ा नहीं गया था।
विरोध में एक घंटे लगाया जाम
उधर, प्रदीप पर हमले के बाद दोपहर करीब तीन बजे इनसो कार्यकर्ताओं और अन्य छात्रों ने एमडीयू के गेट नंबर दो के बाहर दिल्ली रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस और एमडीयू प्रशासन की लापरवाही से हमले का आरोप लगाया। करीब एक घंटे तक जाम लगाए रखा। बाद में एसडीएम राकेश कुमार के जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर जाम खोला गया।
एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने इनसो के प्रदेशाध्यक्ष पर हमला कराया है। पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए। - अजय चौटाला, पूर्व सांसद
जिन हमलावरों का नाम बताया जा रहा है, वह एनएसयूआई के प्राथमिक सदस्य नहीं हैं। इस तरह बगैर सबूत किसी संगठन का नाम लेना ठीक नहीं। - प्रदीप घनघस, प्रांतीय महासचिव, एनएसयूआई
इनसो के प्रदेश अध्यक्ष पर हमला करने के मामले में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं समेत 24 के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।- जश्नदीप सिंह रंधावा, एसपी रोहतक