खरड़ में HRTC बस पर हमला: टैक्सी ड्राइवर ने बनाई थी प्लानिंग, दूसरा आरोपी करता है जॉब, लेना चाहते थे बदला
खरड़ में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर डिपो की बस (एचपी 67 ए-1321) पर दो हमलावरों ने हमला कर तोड़फोड़ की थी। इस घटना से बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया था।
विस्तार
पंजाब के मोहाली के खरड़ में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस पर डंडों से हमला करने वाले दोनों आरोपी खरड़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटना के तीन दिन बाद पकड़ा है। पकड़े गए दोनों आरोपी पंजाब के ही हैं और मोहाली में किराये के मकान में रहते हैं। आरोपियों में गगनदीप सिंह निवासी मुक्तसर साहिब और हरदीप सिंह निवासी भट्ठा साहिब (रोपड़) का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक बस पर हमले का मास्टरमाइंड गगनदीप सिंह है। आरोपी मोहाली में रहकर टैक्सी चलाता है। वहीं उसका दूसरा साथी रोपड़ निवासी हरदीप मोहाली में प्राइवेट नौकरी करता है।
इस मकसद से किया था हमला
जांच में सामने आया है कि गगनदीप ने भिंडरावाला के झंडे को लेकर हिमाचल और पंजाब के बीच चल रहे विवाद को लेकर पोस्ट सोशल मीडिया पर देखी थी। इसके बाद आरोपी ने हिमाचल की बस पर हमले का प्लान बनाया। आरोपी ने बदला लेने की भावना से बस पर हमला करने की योजना बनाई और इसके लिए उसने अपने साथी हरदीप को भी अपने साथ शामिल कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने मंगलवार शाम को चंडीगढ़ से हमीरपुर जा रही हिमाचल रोडवेज की बस पर खरड़ बस स्टैंड से थोड़ा आगे डंडों से हमला कर बस में तोड़फोड़ की थी। हमला करने के बाद दोनों आरोपी एक ऑल्टो कार से कुराली की तरफ भाग गए थे।
ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को ह्यूमन और टेक्निकल इंटेलिजेंस की मदद से पकड़ा गया है। आरोपियों की टैक्सी नंबर ऑल्टो गाड़ी को भी बरामद कर लिया है। डीएसपी खरड़ कर्ण सिंह संधू ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई थी और फिर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
हमीरपुर डिपो की बस बस हुआ था हमला
खरड़ में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर डिपो की बस (एचपी 67 ए-1321) पर दो हमलावरों ने हमला कर तोड़फोड़ की थी। इस घटना से बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। बस चंडीगढ़ से हिमाचल के हमीरपुर जा रही थी। रोडवेज की बस चंडीगढ़ के सेक्टर-43 स्थित आईएसबीटी से चली थी। बस ने अभी लगभग 10 किमी. का सफर भी तय नहीं किया था कि खरड़ के पास उक्त आरोपियों ने डंडों से बस पर हमला किया था और फरार हो गए थे।
ब्रेकिंग अपडेट।